पटना के होटल में शराब पार्टी का भंडाफोड़, दो अतिथि और एक कर्मी गिरफ्तार; मालिक-मैनेजर पर भी केस

सांकेतिक तस्वीर
New Savera Hotel Patna : पटना के बोरिंग रोड स्थित न्यू सवेरा होटल में शराब पार्टी और हंगामे का मामला सामने आया. बुद्धा कॉलोनी पुलिस ने छापेमारी कर दो अतिथियों और एक होटल कर्मी को गिरफ्तार किया. होटल से 22 खाली बीयर बोतल बरामद हुई, जबकि मालिक और मैनेजर के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है.
पटना से नितिश सिंह की रिपोर्ट
New Savera Hotel Patna : बुद्धा कॉलोनी थाना पुलिस ने बोरिंग रोड स्थित न्यू सवेरा होटल में छापेमारी कर शराब पीकर हंगामा करने के आरोप में दो अतिथियों और एक होटल कर्मी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने होटल से बीयर की 22 खाली बोतल बरामद की है. मामले में होटल मालिक और मैनेजर के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है. गिरफ्तार अतिथियों की पहचान आकाश कुमार और हिमांशु राज के रूप में हुई है, जबकि होटल कर्मी सुमंत कुमार को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
कमरा बुक कर की शराब पार्टी
पुलिस के अनुसार आकाश कुमार और हिमांशु राज ने सोमवार रात होटल का कमरा संख्या-105 बुक कराया था. दोनों पहले भी इस होटल में आते रहे थे. आरोप है कि होटल कर्मी सुमंत कुमार की मदद से बीयर की व्यवस्था की गई, जिसके बाद दोनों ने अपने कुछ दोस्तों के साथ कमरे में शराब पार्टी की. पार्टी के बाद होटल से निकलने के दौरान दोनों का नीचे एक व्यक्ति से विवाद और मारपीट हो गई. किसी ने इसकी सूचना डायल-112 पर दे दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन दोनों अतिथि वापस अपने कमरे में चले गए.
22 खाली बीयर बोतल बरामद
पुलिस जब होटल पहुंची और कमरा संख्या-105 की तलाशी ली तो वहां एक खाली बीयर बोतल मिली. इसके बाद पूरे होटल की तलाशी ली गई, जिसमें किचन के पास 21 अन्य खाली बीयर बोतलें बरामद हुईं. पुलिस ने कमरा संख्या-105 को सील कर दिया. पूछताछ में होटल कर्मी सुमंत कुमार की भूमिका सामने आने पर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया. हालांकि, होटल मैनेजर रवि रंजन पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गया.
मालिक और मैनेजर पर भी केस
बुद्धा कॉलोनी थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में होटल मालिक गौतम शर्मा और मैनेजर रवि रंजन के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है. दोनों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
इसे भी पढ़ें : पटना में नई शिक्षा नीति के विरोध में AISA का प्रदर्शन, जेपी गोलंबर पर पुलिस से झड़प; यातायात भी रहा प्रभावित
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By निखिल अनुराग
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










