मनेर में मोहर्रम व सूफी महोत्सव को लेकर सिटी एसपी ने किया निरीक्षण, थाना अध्यक्ष को दिए कई निर्देश

Author Vikas Jha
Updated:
विज्ञापन

सूफी महोत्सव को लेकर सिटी एसपी ने किया निरीक्षण

Muharram 2026: पटना जिले के मनेर प्रखंड में आगामी मोहर्रम पर्व और सूफी महोत्सव को शांतिपूर्ण व सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. इसी कड़ी में पटना पश्चिमी सिटी एसपी संकेत कुमार ने मनेर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था और जुलूस के रूटों का गहन निरीक्षण किया. इसके साथ ही उन्होंने रविवार को आयोजित होने वाले सूफी महोत्सव के कार्यक्रम स्थल का भी जायजा लिया और थाना अध्यक्ष को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

विज्ञापन

पटना के मनेर से शोएब खान की रिपोर्ट
Muharram 2026: पटना जिले के मनेर स्थित मोहर्रम पर्व व सूफी महोत्सव को लेकर पटना पश्चिमी सिटी एसपी संकेत कुमार मनेर पहुंचे. इस दौरान सिटी एसपी ने मनेर थाना अध्यक्ष रजनीश कुमार व स्थानीय पुलिस टीम के साथ मिलकर मोहर्रम जुलूस व अखाड़े के रूट तथा संवेदनशील स्थलों का विस्तृत भौतिक निरीक्षण किया. सिटी एसपी ने विशेष रूप से दरगाह रोड, महादेव स्थान मोड़, भगत सिंह स्मारक मोड़, बस्ती मार्ग व जामा मस्जिद मोड़ सहित चारहजार मोहल्ला रूट का जायजा लिया और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की बात कही.

सूफी महोत्सव के आयोजन स्थल का भी लिया जायजा

रूटों के निरीक्षण के बाद सिटी एसपी संकेत कुमार ने मनेर दरगाह स्थित कैफेटेरिया परिसर का रुख किया, जहां आगामी रविवार को सूफी महोत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन होने वाला है. उन्होंने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट और आम लोगों की एंट्री-एग्जिट को लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने थाना अध्यक्ष को निर्देश दिया कि महोत्सव के दौरान भीड़ नियंत्रण और विधि व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

थाने के लंबित मामलों को जल्द निपटाने का निर्देश

इसके पश्चात सिटी एसपी ने मनेर थाने का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने थाने में रखी स्टेशन डायरी, विभिन्न पंजियों (रजिस्टर) और दर्ज कांडों से संबंधित फाइलों को देखा और पेंडिंग पड़े मामलों की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित निष्पादन का कड़ा निर्देश दिया. इसके अलावा सिटी एसपी ने मुहर्रम पर्व के मद्देनजर पूरे क्षेत्र में शांति समिति की बैठक करने और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखते हुए विधि व्यवस्था को हर हाल में दुरुस्त रखने को लेकर थानाध्यक्ष को कई अहम टास्क सौंपे.

बदहाल बस्ती मार्ग से स्थानीय लोग परेशान

इधर, निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने प्रशासन के समक्ष अपनी नाराजगी भी जाहिर की. लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के कारण बस्ती मार्ग की हालत वर्तमान में काफी बदहाल और जर्जर है, जिससे आगामी त्योहारों में जुलूस और आम लोगों के आवागमन में भारी परेशानी हो सकती है. स्थानीय नागरिकों ने इस गंभीर समस्या के बारे में नगर परिषद कार्यालय और नगर सभापति को पहले ही लिखित व मौखिक रूप से अवगत कराया था, लेकिन इसके बावजूद स्थिति अब तक जस की तस बनी हुई है. मौके पर एसआई दीपिका कुमार, एएसआई प्रेम कुमार सहित कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे.

Also Read: बिहटा में भरत भूषण तिवारी को न्याय दिलाने की मांग, निकला कैंडल मार्च

विज्ञापन
विकाश झा

लेखक के बारे में

By विकाश झा

विकाश झा डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है. स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट, समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष पकड़ है. वे तथ्य आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन