ePaper

मैट्रिक परीक्षा : 1699 केंद्रों पर 15 लाख विद्यार्थी देंगे परीक्षा

Updated at : 14 Feb 2026 7:29 PM (IST)
विज्ञापन
मैट्रिक परीक्षा : 1699 केंद्रों पर 15 लाख विद्यार्थी देंगे परीक्षा

7 फरवरी से 25 फरवरी तक दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जायेगी

विज्ञापन

-परीक्षा शुरू होने से आधा घंटे पहले गेट हो जायेगा बंद, इलेक्ट्रिक गैजेट होगा बैन

-पटना जिले में कुल 71,022 परीक्षार्थियों के लिए 70 परीक्षा केंद्र

संवाददाता, पटना

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने 17 फरवरी से शुरू होने वाली मैट्रिक परीक्षा को लेकर दिशा-निर्देश जारी किया है. बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि परीक्षा के आयोजन में सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति को कड़ाई के साथ लागू करने और परीक्षा में बाधा पहुंचाने वालों पर के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी. मैट्रिक परीक्षा में राज्य भर से कुल 15.12 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे. 17 फरवरी से 25 फरवरी तक दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जायेगी. परीक्षा के आयोजन के लिये कुल 1699 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. मैट्रिक परीक्षा में इस बार 7,26,961 छात्र और 7,85,726 छात्राएं शामिल होंगी. पटना जिले में कुल 71,022 परीक्षार्थियों के लिए 70 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. सभी परीक्षार्थियों को यूनिक आइडी जारी की गयी है जो उनके एडमिड कार्ड में अंकित है. इसके साथ ही सभी विषयों में ओएमआर शीट और उत्तर पुस्तिका पर परीक्षार्थियों के फोटो के साथ अन्य डिटेल प्री-प्रिटेंडेट उपलब्ध कराया जायेगा, जिससे विद्यार्थियों को उत्तरपुस्तिका पर विवरण भरने में अधिक समय नहीं लगेगा. परीक्षा में सभी विषयों का प्रश्नपत्र 10 अलग-अलग सेट में होगा.

परीक्षार्थियों की दो स्तर पर की जायेगी जांच

परीक्षार्थियों की दो स्तर पर जांच की जायेगी. परीक्षा कक्ष में गैजेट पर प्रतिबंध रहेगा. साथ ही सीसीटीवी कैमरे और वीडियोग्राफी के जरिये प्रत्येक परीक्षा केंद्र की निगरानी की जायेगी. दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा में राइटर की व्यवस्था और 20 मिनट प्रति घंटे का अतिरिक्त समय दिया जायेगा. किसी परीक्षार्थी का एडमिट कार्ड अगर गुम हो जाता है या छूट जाता तो ऐसी स्थिति में उपस्थिति पत्रक में स्कैंड फोटो से उसे पहचान कर और रौलशीट से सत्यापित कर परीक्षा में बैठने की औपबंधिक अनुमति दी जायेगी.

प्रत्येक जिले में बनाये गये चार मॉडल परीक्षा केंद्र

मैट्रिक परीक्षा के लिए राज्य के प्रत्येक जिले में चार मॉडल परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. राज्य में कुल 152 मॉडल परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. मॉडल परीक्षा केंद्र में छात्राएं परीक्षा देंगी. इन केंद्रों पर दंडाधिकारी, वीक्षक, सुरक्षाकर्मी और अन्य कर्मी भी महिलाएं होंगी. पटना जिले में राजकीय बालिका प्लस टू विद्यालय (बांकीपुर), राजकीय बालिका उच्च विद्यालय, यारपुर (गर्दनीबाग) और राजकीय बालिका उच्च विद्यालय (गर्दनीबाग) को मॉडल परीक्षा केंद्र बनाया गया है. परीक्षा की निगरानी सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के वाट्सएप ग्रुप बनाया गया है. वाट्सएप ग्रुप में परीक्षा से संबंधित सभी पदाधिकारी शामिल होंगे. परीक्षा के सफल संचालन के लिए समिति की ओर से कंट्रोल रूम भी बनाया गया है. कंट्रोल रूम 16 फरवरी सुबह छह बजे से 25 फरवरी को शाम छह बजे तक कार्यरत रहेगा. परीक्षा के दौरान किसी तरह की समस्या होने पर कंट्रोल रूम नंबर 0612-2232257 और 0612-2232227 पर संपर्क किया जा सकता है.

आधा घंटे पहले प्रवेश होगा बंद

परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले से परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों को एंट्री मिलने लगेगी. परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले परीक्षा केंद्र का दरवाजा बंद कर दिया जायेगा. परीक्षा केंद्र पर देर से पहुंचने पर परीक्षार्थियों को प्रवेश नहीं दिया जायेगा. देर से पहुंचने के बाद जबरदस्ती करने और अवैध रूप से प्रवेश करने की कोशिश को नियमों का उल्लंघन मानते हुए ऐसे परीक्षार्थियों को दो वर्ष के लिए निष्कासित करने के साथ ही प्राथमिकी दर्ज की जायेगी. जबरदस्ती परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने के बाद अगर कोई परीक्षार्थी परीक्षा देता है, तो संबंधित परीक्षा केंद्र के केंद्राधीक्षक व अन्य चिह्नित व्यक्ति को निलंबित करने के साथ ही कानूनी कार्रवाई की जायेगी.

विज्ञापन
AMBER MD

लेखक के बारे में

By AMBER MD

AMBER MD is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन