RJD के 30वें स्थापना दिवस पर लालू यादव बोले- BJP तानाशाही के बल पर देश को पीछे धकेल रही, कार्यकर्ताओं को दिया यह टास्क

Updated:
विज्ञापन

लालू यादव की फाइल फोटो

RJD Foundation Day: RJD के 30वें स्थापना दिवस पर लालू प्रसाद यादव ने बिहार की जनता के नाम संदेश जारी किया. उन्होंने भाजपा पर संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग और सामाजिक न्याय के मुद्दों को कमजोर करने का आरोप लगाया, वहीं कार्यकर्ताओं से बड़ी राजनीतिक लड़ाई के लिए तैयार रहने का आह्वान किया.

विज्ञापन

RJD Foundation Day: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) रविवार को अपना 30वां स्थापना दिवस मना रहा है. 5 जुलाई 1997 को बनी इस पार्टी ने तीन दशक पूरे कर लिए हैं. इस मौके पर पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने बिहार की जनता और कार्यकर्ताओं के नाम लंबा संदेश जारी किया. उन्होंने राजद की राजनीतिक यात्रा को याद किया और आगे की रणनीति का भी संकेत दिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

‘गरीबों और वंचितों की आवाज बनने के लिए बनी थी राजद’

अपने संदेश में लालू यादव ने कहा कि राजद की स्थापना गरीबों, शोषितों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की लड़ाई के लिए हुई थी. उन्होंने कहा कि 5 जुलाई 1997 सिर्फ एक तारीख नहीं, बल्कि बिहार और देश की राजनीति में बदलाव का दिन था. लालू ने लिखा कि पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं के संघर्ष, त्याग और समर्पण से ही राजद आज इस मुकाम तक पहुंची है. उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार भी जताया.

‘सामाजिक न्याय हमारी सबसे बड़ी प्रतिबद्धता’

लालू यादव ने कहा कि राजद की राजनीति हमेशा सामाजिक न्याय और बराबरी के सिद्धांत पर आधारित रही है. पार्टी का मकसद सिर्फ बड़े-बड़े विकास कार्य नहीं, बल्कि समाज के आखिरी व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि विकास तभी सार्थक होगा, जब गरीब, मजदूर, किसान और आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए.

BJP पर लगाए गंभीर आरोप

अपने संदेश में लालू यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है. लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर किया जा रहा है और सामाजिक न्याय, शिक्षा, रोजगार तथा अल्पसंख्यकों के मुद्दों को पीछे धकेला जा रहा है. उन्होंने कहा कि सत्ता और पूंजी के सहारे लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश हो रही है.

उन्होंने आगे कहा कि साथियों विगत कई राज्यों के चुनाव नतीजों की अगर पड़ताल करें तो मालूम होगा कि बीजेपी संवैधानिक संस्थाओं को कब्जे में लेकर संविधान को दरकिनार कर तानाशाही के बल पर देश को फिर से पीछे धकेलने का प्रयास कर रही है. हमारी राजनीति हमें इस परिस्थिति को स्वीकार करने की इजाजत नहीं देती.

‘कार्यकर्ता सिर्फ चुनाव लड़ने के लिए नहीं हैं’

लालू यादव ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा कि राजद सिर्फ चुनाव लड़ने वाली पार्टी नहीं है. उन्हें जनता के बीच रहकर उनके मुद्दों के लिए संसद से लेकर सड़क तक संघर्ष करना होगा. उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से समाज के विभिन्न वर्गों से लगातार संवाद बनाए रखने की अपील की.

‘आने वाली लड़ाई पहले से अलग होगी’

लालू यादव ने कहा कि आने वाले समय की राजनीतिक लड़ाई पहले से अलग होगी. उनके अनुसार यह लड़ाई सामाजिक न्याय, संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने की है. उन्होंने कहा कि सभी मतभेद भुलाकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

सभी जिलों में मनाया जा रहा स्थापना दिवस

राजद का 30वां स्थापना दिवस बिहार के सभी जिलों में मनाया जा रहा है. पार्टी के नेता और कार्यकर्ता विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं.

अपने संदेश के अंत में लालू यादव ने सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि राजद आगे भी गरीबों, किसानों, वंचितों और आम लोगों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी.

Also Read: बांकीपुर उपचुनाव में BJP की साख दांव पर, प्रशांत किशोर उतरे तो उनके लिए भी होगी अग्निपरीक्षा

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन