ePaper

ईमानदारी से काम करने पर हर स्तर पर सहायता : विजय

Updated at : 30 May 2025 1:01 AM (IST)
विज्ञापन
ईमानदारी से काम करने पर हर स्तर पर सहायता : विजय

जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा है कि ईमानदारी से काम करने वाले अधिकारियों को हर स्तर पर विभाग की तरफ से सहायता दी जायेगी.

विज्ञापन

‘बाढ़ संघर्षात्मक कार्य एवं पूर्ववर्ती अनुभवों से सीख’ विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम संवाददाता, पटना जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा है कि ईमानदारी से काम करने वाले अधिकारियों को हर स्तर पर विभाग की तरफ से सहायता दी जायेगी. वहीं, लापरवाही से काम करने वाले अधिकारियों और अभियंताओं पर विभाग कड़ी कार्रवाई करेगा. मंत्री विजय कुमार चौधरी ने यह बातें “बाढ़ संघर्षात्मक कार्य एवं पूर्ववर्ती अनुभवों से सीख ” विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन ज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में कहीं. इस कार्यक्रम के दूसरे दिन गोपालगंज, मुजफ्फरपुर और पटना प्रक्षेत्र के अभियंताओं को प्रशिक्षित किया गया. इस अवसर पर मंत्री विजय कुमार चौधरी ने गोपालगंज के सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता (बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण) सहित उनकी टीम को क्षेत्र में बाढ़ नियंत्रण कार्यों में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया. इस दौरान मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बिहार पानी की प्रचुरता के बावजूद भौगोलिक कारणों से अक्सर बाढ़ की विभीषिका झेलता है. नेपाल व सीमावर्ती राज्यों की नदियां जब उफान पर होती हैं, तो बिहार सबसे अधिक प्रभावित होता है. बाढ़ से निपटना चुनौतीपूर्ण अवश्य है, लेकिन योजनाबद्ध ढंग से काम करने पर यह काम सुगम हो सकता है. उन्होंने अभियंताओं से अपील की है कि वे एसओपी का गंभीरता से अध्ययन कर अपने-अपने क्षेत्रों में तटबंधों का विस्तृत निरीक्षण करें. उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनता और स्थानीय प्रबुद्ध व्यक्तियों से समन्वय स्थापित करना आवश्यक है, जिससे आपदा के समय सामुदायिक सहयोग से बेहतर परिणाम प्राप्त हो. जून से अक्तूबर का समय विभाग के लिए महत्वपूर्ण : प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने कहा कि जून से अक्तूबर तक का समय विभाग के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. पिछले वर्ष सितंबर में कोसी नदी का जल स्तर अचानक बहुत बढ़ गया था. ऐसे अनुभवों से सीखकर इस बार बाढ़ पूर्व तैयारी पूरी रखनी होगी. किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो, उन्होंने तटबंधों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. श्री मल्ल ने कहा कि इस वर्ष बाढ़ नियंत्रण के लिए “टीम बिल्डिंग ” की नयी अवधारणा शुरू की गयी है ताकि सभी स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित हो सके. उन्होंने अपेक्षा जतायी कि इस प्रशिक्षण से जुड़े सभी अधिकारी बाढ़ से निबटने के लिए पूर्णतः तैयार रहें. बैठक के समापन पर अभियंता प्रमुख (सिंचाई सृजन) अवधेश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
RAKESH RANJAN

लेखक के बारे में

By RAKESH RANJAN

RAKESH RANJAN is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन