Corona : गायिका कनिका कपूर की बढ़ी मुश्किलें, बिहार की अदालत में भी मामला दर्ज

बिहार की एक अदालत में गायिका कनिका कपूर के खिलाफ शनिवार को आपराधिक मामला दर्ज कराया गया. शिकायत में उनके खिलाफ कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए सरकारी कर्मचारी की ओर से जारी आदेश को नजरअंदाज करने और अवज्ञा करने का आरोप लगाया गया है.
मुजफ्फरपुर : बिहार की एक अदालत में गायिका कनिका कपूर के खिलाफ शनिवार को आपराधिक मामला दर्ज कराया गया. शिकायत में उनके खिलाफ कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए सरकारी कर्मचारी की ओर से जारी आदेश को नजरअंदाज करने और अवज्ञा करने का आरोप लगाया गया है. अधिवक्ता सुधीर कुमार ओझा ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र की अदालत के समक्ष यह शिकायत दर्ज करायी है. इसमें आरोप लगाया गया कि कपूर ने यह तथ्य छिपाया कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित हैं. इस मामले में सुनवाई 31 मार्च को होगी.
शिकायत में कपूर पर उत्तर प्रदेश के लखनऊ में तीन पार्टियों में प्रस्तुति देकर लोगों में बीमारी फैलाने का भी आरोप लगाया गया है. खबरों के मुताबिक “बेबी डॉल” गायिका कोरोना वायरस से संक्रमित होने वाली पहली बॉलीवुड हस्ती हैं. वह लंदन से लखनऊ पहुंची थी और फ्लू के लक्षण नजर आने के बाद उन्हें शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया.
शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किये गये बयान में कपूर ने कहा था कि वह कोविड-19 से संक्रमित हैं जिसके बाद उनके कार्यक्रमों में शामिल हुए नेताओं और इन नेताओं के संपर्क में आए दो नेताओं ने एहतियात के तौर पर खुद को पृथक रख लिया था. इनमें राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और उनके सांसद बेटे दुष्यंत सिंह और सांसद डेरेक ओब्रायन और अनुप्रिया पटेल शामिल हैं. उत्तर प्रदेश पुलिस ने भी कपूर के खिलाफ लापरवाही और ऐसे कार्य करने का मामला दर्ज किया है जिससे बीमारी फैल सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Samir Kumar
More than 15 years of professional experience in the field of media industry after M.A. in Journalism From MCRPV Noida in 2005
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




