ePaper

तेजस्वी के बाद अब लालू यादव से मिलेंगे चिराग, रामविलास पासवान की बरसी पर पटना आएंगे राजद सुप्रीमो

Updated at : 08 Sep 2021 1:18 PM (IST)
विज्ञापन
तेजस्वी के बाद अब लालू यादव से मिलेंगे चिराग, रामविलास पासवान की बरसी पर पटना आएंगे राजद सुप्रीमो

चिराग पासवान ने बुधवार को तेजस्वी यादव से मुलाकात की और अपने पिता दिवंगत नेता रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर किये जा रहे कार्यक्रम में हिस्सा लेने का न्योता दिया. चिराग कल गुरुवार को राजद सुप्रीमो लालू यादव से मुलाकात कर सकते हैं.

विज्ञापन

लोजपा के संस्थापक और भारत सरकार के मंत्री रहे दिवंगत नेता रामविलास पासवान की पुण्यतिथि के कार्यक्रम में शरीक होने के लिए चिराग पासवान ने तेजस्वी यादव से मुलाकात करके उन्हें निमंत्रण दिया. इस कार्यक्रम में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के शामिल होने की बात भी सामने आ रही है.

जमुई के सांसद चिराग पासवान ने आज बुधवार को राजद नेता व बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से मुलाकात की. 10 सर्कुलर रोड पर इस मुलाकात के दौरान चिराग पासवान ने अपने पिता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की पुण्यतिथि के कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दिया. 12 सितंबर को पटना में होने वाले इस कार्यक्रम में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) के शामिल होने की भी संभावना है.

10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी देवी के सरकारी आवास पर मुलाकात के बाद चिराग और तेजस्वी मीडिया से मुखातिब हुए. इस दौरान चिराग पासवान ने बताया कि वो अपने पिता रामविलास पासवान की बरसी में शामिल होने के लिए निमंत्रण लेकर यहां आये थे. उन्होंने अपने पिता और राजद सुप्रीमो के बीच मधुर संबंधों को याद किया और बताया कि पारिवारिक संबंध होने के कारण वो इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं.

Also Read: चिराग के कार्ड पर पारस और प्रिंस का भी नाम, रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर पारिवारिक एकजुटता दिखाने की कोशिश

चिराग पासवान ने बताया कि दिल्ली में कल यानी गुरुवार को संभवत: उनकी मुलाकात राजद सुप्र्रीमो लालू यादव (Lalu Yadav) से हो सकती है. वहीं तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने दिवंगत नेता रामविलास पासवान के साथ को याद किया और कहा कि राजद सुप्रीमो लालू यादव की सेहत में अब सुधार हो रहा है और सबकुछ सही रहा तो वो अपने पुराने साथी रामविलास पासवान की बरसी के कार्यक्रम में भी शामिल रहेंगे.

बता दें कि पासवान परिवार 12 सितंबर पटना के कृष्णापुरी स्थित आवास पर रामविलास पासवान की पुण्यतिथि मनायेगा. इस कार्यक्रम में चिराग पासवान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद सुप्रीमो लालू यादव व नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत कई लोगों को निमंत्रण भेज रहे हैं.

POSTED BY: Thakur Shaktilochan

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन