सावन की तीसरी सोमवारी पर शिवमय हुआ पटना, शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
AI से बनाई गई तस्वीर
सावन की तीसरी सोमवारी पर पटना के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। नागपंचमी और संक्रांति के दुर्लभ संयोग में भक्तों ने महादेव का जलाभिषेक किया।
Patna News : सावन की तीसरी सोमवारी पर सोमवार को राजधानी पटना पूरी तरह शिवमय नजर आयी. अहले सुबह चार बजे से ही प्रमुख शिवालयों के पट खुलते ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गयीं. महावीर मंदिर परिसर स्थित शिवालय, खाजपुरा शिव मंदिर, गौरीशंकर मंदिर, बोरिंग रोड, दीघा और कंकड़बाग समेत विभिन्न शिवालयों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा.
गंगाजल, दूध और बेलपत्र से हुआ भोलेनाथ का अभिषेक
श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, दही, शहद, बेलपत्र, धतूरा, भांग, पुष्प और फल अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक और रुद्राभिषेक किया. भक्तों ने भगवान शिव से परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और मंगल की कामना की. कई मंदिरों में सामूहिक रुद्राभिषेक और महामृत्युंजय जाप का भी आयोजन किया गया.
सोमवारी पर नागपंचमी का संयोग बना खास
इस बार सावन की तीसरी सोमवारी पर नागपंचमी और सूर्य के सिंह राशि में प्रवेश का संयोग बना. सावन शुक्ल पंचमी, हस्त एवं चित्रा नक्षत्र के साथ साध्य और शुभ योग के इस संयोग को ज्योतिषाचार्यों ने विशेष फलदायी बताया. धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान शिव और माता पार्वती के साथ नाग देवता की पूजा करने से सुख-समृद्धि और आरोग्य की प्राप्ति होती है.
नाग देवता की पूजा के साथ कालसर्प दोष से मुक्ति की कामना
मंदिरों में नाग देवता की विशेष पूजा-अर्चना की गयी. श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा और अभिषेक में हिस्सा लिया. अनंत, वासुकि, शेष, पद्मनाभ, कर्कोटक, शंखपाल और तक्षक समेत प्रमुख नागों के स्मरण और पूजन को विशेष पुण्यदायी माना गया. नागपंचमी का पर्व प्रकृति, जीव-जंतुओं के संरक्षण और सह-अस्तित्व का संदेश भी देता है.
भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये थे. प्रमुख मंदिरों के बाहर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और दंडाधिकारी तैनात रहे. भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, अलग-अलग प्रवेश और निकास मार्ग तथा कतारबद्ध दर्शन की व्यवस्था की गयी. संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी गयी, जबकि यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की विशेष तैनाती की गयी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









