Bihar News: बिहार के इस जिले में परीक्षा सेंटर के पास बनेगा चार मंजिला पार्किंग जोन, फुट ओवरब्रिज के साथ ये सुविधाएं भी

Published by : Preeti Dayal Updated At : 04 Jan 2026 8:41 AM

विज्ञापन

बापू परीक्षा परिसर के पास बनेगा चार मंजिला पार्किंग जोन और फुट ओवरब्रिज (एआई जेनरेटेड इमेज)

Bihar News: देश के सबसे बड़े परीक्षा सेंटर बापू परीक्षा परिसर के पास चार मंजिला पार्किंग जोन बनाया जायेगा. इसके साथ ही फुट ओवरब्रिज का निर्माण भी किया जायेगा. इसके बनने से परीक्षार्थियों, अभिभावकों और परीक्षा ड्यूटी में लगे पदाधिकारियों-कर्मचारियों को बड़ी सुविधाएं मिल सकेगी.

विज्ञापन

Bihar News: पटना में बना बापू परीक्षा परिसर देश का सबसे बड़ा परीक्षा सेंटर है. इसमें आयोजित होने वाली परीक्षाओं के दौरान परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों को अब पार्किंग और सड़क पार करने की समस्या से राहत मिलेगी. दरअसल, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने कुम्हरार स्थित धनुकी मोड़ के पास लगभग 0.60 एकड़ (2429.52 स्क्वायर मीटर) में मल्टीलेवल पार्किंग और फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के निर्माण का फैसला लिया है.

इस संबंध में समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण भवन निर्माण विभाग के माध्यम से 38.60 करोड़ रुपये की लागत से कराया जायेगा. पार्किंग के निर्माण से पहले भी चिह्नित स्थल पर बापू परीक्षा परिसर आने वाली गाड़ियों की पार्किंग की व्यवस्था की जायेगी.

चार मंजिला होगा मल्टीलेवल पार्किंग

प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग में बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और तीन अन्य तीन फ्लोर शामिल होंगे. यहां दोपहिया गाड़ियों और कारों की एक साथ पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी. पार्किंग को दिव्यांगजन अनुकूल बनाने के लिए बैरियर फ्री मूवमेंट के तहत टैक्टाइल फ्लोरिंग की व्यवस्था की जायेगी. इसके अलावा पार्किंग परिसर में सेंसर आधारित सिस्टम, फायर अलार्म और डिटेक्शन सिस्टम लगाये जायेंगे. पार्किंग की छत पर सोलर पैनल भी स्थापित किये जायेंगे.

फुट ओवरब्रिज से सुरक्षित आवागमन

बापू परीक्षा परिसर के आस-पास व्यस्त सड़कों को देखते हुए परीक्षार्थियों, अभिभावकों और परीक्षा कार्य में लगे कर्मियों की सुरक्षा के लिए धनुकी मोड़ के पास फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराया जायेगा. यह कार्य पथ निर्माण विभाग के माध्यम से होगा. इसके लिए विभाग की तरफ से निविदा निकाल दी गयी है. फुट ओवरब्रिज का निर्माण 4.46 करोड़ रुपये की लागत से किया जायेगा और एजेंसी के चयन के बाद 6 महीने के अंदर निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

परीक्षार्थियों को नहीं होगी कोई भी दिक्कत

समिति का कहना है कि बापू परीक्षा परिसर में बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों, अभिभावकों और परीक्षा ड्यूटी में लगे पदाधिकारियों-कर्मचारियों के आने के कारण पार्किंग और सड़क पार करना एक बड़ी चुनौती थी. मल्टीलेवल पार्किंग और फुट ओवर ब्रिज के निर्माण से अब परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा. आनंद किशोर ने कहा कि इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने के बाद बापू परीक्षा परिसर देश के सबसे आधुनिक और सुविधाजनक परीक्षा परिसरों में शुमार होगा.

ऑनलाइन-ऑफलाइन दोनों मोड में होती हैं परीक्षाएं

मालूम हो, बापू परीक्षा परिसर में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड में परीक्षाओं का आयोजन किया जाता है. ए और बी ब्लॉक में ऑफलाइन परीक्षाएं होती हैं, जिन्हें हाइब्रिड मोड में संचालित करते हुए लगभग 7,500 परीक्षार्थियों के लिए ऑनलाइन या ऑफलाइन परीक्षा की व्यवस्था प्रस्तावित है. साथ ही परिसर के आठ ब्लॉक में एक साथ लगभग तीन हजार स्टूडेंट्स ऑनलाइन परीक्षा दे सकते हैं.

Also Read: Munna Shukla: बाहुबली मुन्ना शुक्ला की अचानक बिगड़ी तबीयत, पटना बेऊर जेल किया गया शिफ्ट

विज्ञापन
Preeti Dayal

लेखक के बारे में

By Preeti Dayal

प्रीति दयाल, प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर काम कर रहीं हैं. यूट्यूब पोर्टल सिटी पोस्ट लाइव से पत्रकारिता की शुरुआत की. इसके बाद डेलीहंट और दर्श न्यूज जैसे मीडिया संस्थानों में काम कर चुकीं हैं. डिजिटल मीडिया और कंटेंट राइटिंग में साढ़े 3 साल का अनुभव है. खबरें लिखना, वेब कंटेंट तैयार करने और ट्रेंडिंग सब्जेक्ट पर सटीक और प्रभावी खबरें लिखने का काम कर रहीं हैं. प्रीति दयाल ने पत्रकारिता की पढ़ाई संत जेवियर्स कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी से की. इस दौरान पत्रकारिता से जुड़ी कई विधाओं को सीखा. मीडिया संस्थानों में काम करने के दौरान डिजिटल जर्नलिज्म से जुड़े नए टूल्स, तकनीकों और मीडिया ट्रेंड्स को सीखा. पहली बार लोकसभा चुनाव 2024 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 जैसे बड़े चुनावी कवरेज में काम करने का अवसर मिला. इस दौरान बिहार की राजनीति, चुनावी रणनीतियों, राजनीतिक दलों और प्रमुख नेताओं से जुड़े कई प्रभावशाली और पाठकों की रुचि के अनुसार कंटेंट तैयार किए. चुनावी माहौल को समझते हुए राजनीतिक विश्लेषण और ट्रेंडिंग मुद्दों पर आधारित खबरों को आसान और प्रभावी भाषा में तैयार करना कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है. कंटेंट रिसर्च, SEO आधारित लेखन, सोशल मीडिया फ्रेंडली कंटेंट तैयार करना और तेजी से बदलते न्यूज वातावरण में काम करना प्रमुख क्षमताओं में शामिल है. बिहार की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, सिनेमा और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर रुचि और समझ है. टीम के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करना और समय सीमा के अंदर गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करना कार्यशैली का हिस्सा है. प्रीति दयाल का उद्देश्य डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में लगातार सीखते हुए अपनी पत्रकारिता कौशल को और बेहतर बनाना और पाठकों तक विश्वसनीय और प्रभावशाली खबरें पहुंचाना है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन