बिहार के इंजीनियर के कई ठिकानों पर EOU की रेड, पटना फ्लैट से 40 लाख कैश बरामद, करोड़ों की संपत्ति का खुलासा

Updated:
विज्ञापन
eou raid on engineer

छापेमारी के दौरान ईओयू के अधिकारी

Bihar News: EOU ने जमुई के झाझा ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार के कई ठिकानों पर छापेमारी की है. इस दौरान पटना स्थित फ्लैट से 40 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं, जबकि आय से अधिक संपत्ति का बड़ा मामला सामने आया है.

विज्ञापन

Bihar News: (मनोज कुमार, स्टेट ब्यूरो) बिहार में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है. जमुई जिले के झाझा ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार के खिलाफ छापेमारी की गई. यह कार्रवाई पटना, जमुई, कंकड़बाग और झाझा स्थित चार ठिकानों पर एक साथ की गई.

छापेमारी के दौरान सबसे बड़ी बरामदगी पटना के मजिस्ट्रेट कॉलोनी स्थित जगत विला अपार्टमेंट के फ्लैट से हुई. यहां से 40 लाख रुपये नकद बरामद किए गए. नोट पांच-पांच सौ के बंडल में रखे हुए थे. इसके अलावा सोना, चांदी और कई महत्वपूर्ण डॉक्युमेंट्स भी मिले हैं.

आय से अधिक संपत्ति का बड़ा खुलासा

EOU की जांच में सामने आया है कि इंजीनियर गोपाल कुमार के पास उनकी वैध आय से करीब 2 करोड़ 61 हजार रुपये अधिक संपत्ति है. यह उनकी घोषित आय से लगभग 81.5 प्रतिशत ज्यादा बताई जा रही है. अधिकारियों के अनुसार, यह अंतर काफी बड़ा है और गहन जांच की जा रही है.

कई जगहों पर रिकॉर्ड खंगाले गए

EOU की टीम ने कंकड़बाग स्थित पूर्वी इंदिरा नगर रोड नंबर-4 पर स्थित मकान, जमुई के केकेएम कॉलेज के पास किराये के आवास और झाझा स्थित कार्यालय में भी छापेमारी की. सभी जगहों से दस्तावेज, फाइलें और संपत्ति से जुड़े कागजात जब्त किए गए हैं.

जांच के दौरान विरोध की कोशिश

जमुई स्थित किराये के आवास पर जब EOU की टीम पहुंची तो अभियंता गोपाल कुमार ने शुरुआत में टीम को अंदर आने से रोकने का प्रयास किया. हालांकि, जब अधिकारियों ने वारंट दिखाया तो उन्होंने जांच की अनुमति दी. इसके बाद टीम ने पूरे घर की तलाशी ली और अभियंता को हिरासत में ले लिया.

लंबे समय से मिल रही थीं शिकायतें

EOU अधिकारियों के अनुसार, अभियंता के खिलाफ लंबे समय से भ्रष्टाचार और अवैध संपत्ति को लेकर शिकायतें मिल रही थीं. इन शिकायतों की जांच की गई और प्रारंभिक सत्यापन के बाद मामला दर्ज किया गया. इसके बाद विशेष न्यायालय से तलाशी वारंट लिया गया.

जांच जारी, और खुलासों की संभावना

अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल जांच जारी है. बरामद संपत्ति और दस्तावेजों का विस्तृत आकलन किया जा रहा है. जांच पूरी होने के बाद और भी बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं. EOU की टीम इस मामले को गंभीरता से आगे बढ़ा रही है.

Also Read: पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के नए कैंपस को मिली बड़ी सौगात, बिहार सरकार ने जारी किए 40 करोड़ रुपये

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Tags

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन