15 अगस्त से बिहार में कई नियम बदले, शिक्षकों के लिए ऑफलाइन छुट्टी बंद, छात्र online पूछ सकेंगे सवाल, नई रेफरल नीति लागू
बिहार में कई नियम बदले
Bihar New Rules: बिहार में 15 अगस्त 2026 से शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में कई नए बदलाव लागू किए गए हैं. अस्पतालों में नई रेफरल नीति शुरू हुई है. मॉडल स्कूलों में मुफ्त ई-लर्निंग की सुविधा मिल रही है. सरकारी शिक्षकों के लिए छुट्टी का आवेदन भी अब ऑनलाइन करना जरूरी होगा.
Bihar New Rules: बिहार में 15 अगस्त 2026 से नई रेफरल नीति लागू की गई है. इसके तहत सामान्य मरीजों को बिना जरूरत बड़े अस्पताल में भेजने वाले डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी. गंभीर मरीजों को भी सीधे बड़े अस्पताल भेजने के बजाय पहले जरूरी इलाज देकर उनकी हालत स्थिर करने पर जोर दिया गया है. मरीज को दिए गए इलाज और उसे रेफर करने की वजह की पूरी जानकारी भाव्या डिजिटल पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज करनी होगी.
रेफर मरीजों के लिए सरकारी एंबुलेंस जरूरी
अस्पताल से दूसरे सरकारी अस्पताल भेजे जाने वाले मरीजों के लिए सरकारी एंबुलेंस की व्यवस्था करना जरूरी होगा. सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था से पीएमसीएच, एनएमसीएच और आईजीआईएमएस जैसे बड़े अस्पतालों में सामान्य मरीजों की भीड़ कम होगी. इससे इन अस्पतालों में गंभीर और जरूरतमंद मरीजों के इलाज पर ज्यादा ध्यान दिया जा सकेगा.
मॉडल स्कूलों में शुरू होगी लाइव क्लास
बिहार के मॉडल स्कूलों में ई-लर्निंग की सुविधा शुरू की जा रही है. इसके तहत विद्यार्थियों को ऑनलाइन लाइव क्लास के जरिए पढ़ाई में मदद मिलेगी. विद्यार्थी स्कूल के बाद भी ऑनलाइन शिक्षकों से अपने सवाल पूछ सकेंगे. शिक्षक सप्ताह के सातों दिन और 24 घंटे ऑनलाइन उपलब्ध रहने की व्यवस्था की गई है.
छात्रों के लिए सुविधा पूरी तरह मुफ्त
लाइव क्लास की सुविधा विद्यार्थियों के लिए पूरी तरह मुफ्त होगी. इसका फायदा लेने के लिए छात्रों को संबंधित पोर्टल या मोबाइल ऐप पर अपना रजिस्ट्रेशन कराना होगा. लाइव क्लास के दौरान किसी विषय को लेकर सवाल होने पर विद्यार्थी शिक्षक को ऑनलाइन संदेश भेज सकेंगे. शिक्षक सवाल का जवाब देकर उस विषय को समझाएंगे.
शिक्षकों की छुट्टी के नियम भी बदले
बिहार के सरकारी शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों के लिए छुट्टी लेने का तरीका भी बदल गया है. अब उन्हें छुट्टी के लिए ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा. 15 अगस्त 2026 के बाद किसी भी तरह की छुट्टी के लिए ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
छुट्टी की मंजूरी भी ऑनलाइन होगी
अब सिर्फ छुट्टी का आवेदन ही ऑनलाइन नहीं किया जाएगा. छुट्टी मंजूर होने के बाद उसका आदेश भी ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अपलोड करना होगा. इस बदलाव का मकसद छुट्टी से जुड़ी पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन और आसान बनाना है. इससे आवेदन और मंजूरी का रिकॉर्ड भी डिजिटल रूप से उपलब्ध रहेगा.
बिहार सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी इन व्यवस्थाओं में तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया है. नई रेफरल नीति में मरीज की जानकारी ऑनलाइन दर्ज होगी, मॉडल स्कूलों में लाइव क्लास की सुविधा मिलेगी और शिक्षकों की छुट्टी की पूरी प्रक्रिया ई-शिक्षाकोष के जरिए ऑनलाइन होगी.
इसे भी पढ़ें: सम्राट चौधरी का ऐलान, बिहार में 6 महीने में 10 चीनी मिलें होंगी चालू, युवाओं को मिलेगा रोजगार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By परितोष शाही
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









