बिहार में जनगणना 2027 की शुरुआत: CM सम्राट चौधरी ने किया शुभारंभ, पहली बार पूरी तरह डिजिटल होगी प्रक्रिया

Published by :Abhinandan Pandey
Published at :17 Apr 2026 6:22 PM (IST)
विज्ञापन
samrat census news

जनगणना की शुरुआत करते सम्राट चौधरी

Census 2027: बिहार में जनगणना-2027 की शुरुआत हो गई है. CM सम्राट चौधरी ने इसे लॉन्च करते हुए लोगों से भागीदारी की अपील की, वहीं इस बार पूरी प्रक्रिया पहली बार डिजिटल तरीके से होगी.

विज्ञापन

Census 2027: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को राज्य में जनगणना-2027 का औपचारिक शुभारंभ किया. इसे दुनिया का सबसे बड़ा सांख्यिकी अभियान माना जाता है. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपील की कि वे इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, ताकि सटीक आंकड़े जुटाए जा सकें.

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि सुशासन की मजबूत नींव है. इसके आधार पर सरकार आने वाले वर्षों के लिए विकास योजनाएं और कल्याणकारी नीतियां तैयार करती है. उन्होंने इसे देश और राज्य के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया.

पहली बार पूरी तरह डिजिटल होगी जनगणना

इस बार की जनगणना कई मायनों में खास है. पहली बार पूरी प्रक्रिया को डिजिटल किया जा रहा है. नागरिकों को ‘सेल्फ एन्यूमरेशन’ यानी खुद से अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा भी दी जाएगी. यह सुविधा 17 अप्रैल 2026 से 1 मई 2026 तक उपलब्ध रहेगी, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और तेज बनेगी.

मई में शुरू होगा मकान सूचीकरण

जनगणना के पहले चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना की जाएगी. यह काम 2 मई से 31 मई 2026 तक चलेगा. इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे. सभी जिलों में इसकी तैयारियां तेज कर दी गई हैं.

जनभागीदारी पर दिया गया जोर

सम्राट चौधरी ने कहा कि जनगणना जैसे बड़े अभियान की सफलता जनता की भागीदारी पर निर्भर करती है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे या तो खुद जानकारी दर्ज करें या प्रगणकों का पूरा सहयोग करें, ताकि आंकड़े सटीक और समावेशी बन सकें.

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में कार्यक्रम

इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव सीके अनिल और गृह विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी संजय कुमार सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. सभी ने मिलकर इस अभियान को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की.

Also Read: CM सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी, गुजरात में पकड़ा गया आरोपी, बिहार ला रही पुलिस

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन