गोपालगंज पुजारी हत्याकांड में बड़ा खुलासा, प्रेमिका समेत तीन गिरफ्तार
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 18 Dec 2023 10:15 PM
सारण डीआईजी विकास कुमार ने सोमवार को कहा कि प्रेम-प्रसंग में ब्लैकमेलिंग के शिकार होने पर युवती और उसके घरवालों ने मिलकर पुजारी की हत्या की है. हत्या में शामिल दो महिला समेत तीन लोगों को एसआईटी ने गिरफ्तार कर लिया है.
गोपालगंज. बहुचर्चित पुजारी मनोज साह हत्याकांड मामले में एसआईटी ने बड़ा खुलासा किया है. सारण डीआईजी विकास कुमार ने सोमवार को कहा कि प्रेम-प्रसंग में ब्लैकमेलिंग के शिकार होने पर युवती और उसके घरवालों ने मिलकर पुजारी की हत्या की है. हत्या में शामिल दो महिला समेत तीन लोगों को एसआईटी ने गिरफ्तार कर लिया है. हत्या में प्रयुक्त चाकू, रस्सी, दुपट्टा और मोबाइल को बरामद किया गया है.
पुजारी नहीं था मृतक मनोज साह
डीआईजी ने कहा कि मृतक मंदिर का पुजारी नहीं था बल्कि केयर टेकर के रूप में रहता था. गांव की युवती के साथ उसका प्रेम-प्रसंग चल रहा था. युवती की शादी होने के बाद उसे ब्लैकमेल करने लगा था. परेशान होकर युवती ने अपने घर वालों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची. 10 दिसंबर को युवती ने फोन कर मनोज को बुलाया था. इसके बाद तीन से चार दिनों तक एक कमरे में बंद कर पिटाई की.
Also Read: बिहार में क्षेत्रीय आकांक्षाओं के उभार से बदले समीकरण, जानें कैसे प्रभावहीन हुई कांग्रेस
अपने ही हाथों चाकू से प्रेमिका ने की हत्या
घटना के संबंध में बताया गया कि युवती ने अपने ही हाथों प्रेमी मनोज साह की चाकू से गला रेतकर हत्या की थी. इसके बाद उसकी दोनों आंखें निकाल लीं. पुलिस ने मामले में टेक्निकल सेल की जांच और फॉरेंसिक जांच के आधार पर हत्या से जुड़े साक्ष्य को इक्कठा किया. इसके बाद तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अभियुक्तों में नेहा कुमारी, सुनीता देवी और अमित कुमार शामिल हैं. ये सभी मांझा थाना क्षेत्र के दानापुर गांव के रहने वाले हैं.
हत्या के बाद एंगल देने की हुई थी कोशिश
उधर घटना में शामिल अन्य अभियुक्तों की तलाश में एसआईटी छापेमारी कर रही है. डीआईजी ने कहा कि मनोज साह की हत्या के बाद मामले को दूसरे तरह का एंगल देने की कोशिश की गई थी. हालांकि समय रहते टीम ने बेहतर काम किया और हत्याकांड का खुलासा कर दिया.
सोमवार से थे लापता, शनिवार को मिला था शव
मालूम हो कि मांझागढ थाना क्षेत्र के दानापुर गांव स्थित शिव मंदिर से लापता पुजारी का शव भड़कुईया गांव के समीप झाड़ी से बरामद किया गया था. अपराधियों ने हत्या के बाद पुजारी की जीभ व प्राइवेट पार्ट काटने के बाद दोनों आंखें भी निकाल ली थी. शव मिलने के बाद घटना से उग्र ग्रामीणों ने एनएच-27 को शनिवार को जाम कर पुलिस के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया था. मौके पर पहुंची पुलिस पर लोगों ने पथराव कर दिया था. पुलिस ने भी भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठी चार्ज करने के साथ हवाई फायरिंग की थी. करीब छह घंटे तक इस कारण हाईवे जाम रहा था.
जांच में जुटी पुलिस
जानकारी के अनुसार, मांझागढ़ थाना क्षेत्र के दानापुर गांव निवासी मनोज कुमार अपने ही गांव में स्थित शिव मंदिर में रहकर भगवान की पूजा-पाठ करते थे. पांच दिन पूर्व रविवार की रात वे पूजा पाठ के बाद सोने के लिए गए लेकिन सोमवार की सुबह वह मंदिर परिसर से लापता हो गए. मंदिर के अन्य पुजारियों ने इसकी सूचना लापता पुजारी के भाई पूर्व मुखिया अशोक साह को दी. पूर्व मुखिया ने पुलिस को घटना की सूचना दी. पुलिस सोमवार से मामले की जांच करने में जुटी थी. इसी बीच शनिवार की तड़के सूचना मिली कि भड़कुईया गांव के समीप झाडी में पुजारी का शव पड़ा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










