बांकीपुर उपचुनावः जनादेश का सम्मान, रूपेश पाण्डेय ने कहा- सम्राट चौधरी पर ज्ञान ना दें प्रशांत किशोर?
बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर की जीत के बाद बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है. बीजेपी नेता रूपेश पाण्डेय ने जनादेश का सम्मान करने की बात कहते हुए प्रशांत किशोर को सम्राट चौधरी पर टिप्पणी न करने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का चेहरा तय करना बीजेपी का आंतरिक विषय है.
चुनाव रणनीतिकार से राजनेता बने प्रशांत किशोर ने बिहार की बांकीपुर सीट पर जीत हासिल की है. प्रतिद्वंद्वी बीजेपी के नीरज कुमार को मात दी है. बांकीपुर उपचुनाव में जनसुराज प्रत्याशी प्रशांत किशोर की जीत पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से उन्हें हार्दिक शुभकामनाएँ दी है. रूपेश पाण्डेय ने कहा कि सीएम सम्राट चौधरी पर प्रशांत किशोर ज्ञान ना दें? लोकतंत्र की इस पावन भूमि बिहार में जनता का फैसला सर्वोपरि है. भाजपा हमेशा से जनादेश का सम्मान करती आई है. हम विपक्ष की तरह हार का ठीकरा चुनाव आयोग या EVM पर नहीं फोड़ते.
हम संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करते हैं और आत्ममंथन भी करते हैं. लेकिन साथ ही प्रशांत किशोर जी के बयान पर कुछ बातें स्पष्ट करना जरूरी है. प्रशांत किशोर के बयान पर पाण्डेय ने कहा कि बीजेपी राष्ट्रीय पार्टी है और बिहार में हमारा नेतृत्व सामूहिक निर्णय से तय होता है. किसे मुख्यमंत्री बनाना है यह भाजपा के कार्यकर्ता और शीर्ष नेतृत्व तय करेंगे. आपको सम्राट चौधरी या कुशवाहा समाज के किसी नेता पर टिप्पणी करने की आवश्यकता नहीं है.
हमारा हर नेता सक्षम, ईमानदार और जनता के प्रति जवाबदेह है. कुशवाहा समाज भाजपा की रीढ़ है और उसे कमजोर करने की साजिश हम सफल नहीं होने देंगे. बिहार के विकास के लिए भाजपा 2005 से काम कर रही है. सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य - हर क्षेत्र में डबल इंजन की सरकार ने ऐतिहासिक काम किए हैं. 6 महीने पहले हुए विधानसभा चुनाव में जनता ने हमें 202 सीटें देकर अपना भरोसा दिखाया था.
एक उपचुनाव की जीत से बिहार की दिशा नहीं बदलेगी. आपने सही कहा कि चुनाव आते-जाते रहते हैं. लेकिन सत्ता में आने के बाद जनता के भरोसे को तोड़ना नहीं चाहिए. बांकीपुर की जनता ने आपको आशीर्वाद दिया है, अब देखना है कि आप कितनी जल्दी वादे पूरे करते हैं. अंत में, भाजपा बांकीपुर की जनता के फैसले का सम्मान करती है. हम विपक्ष में बैठकर भी रचनात्मक भूमिका निभाएंगे और बिहार के विकास के लिए हर कदम पर साथ देंगे. लेकिन बिहार को भ्रम और अवसरवाद की राजनीति से बचाना हमारा कर्तव्य है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रीतीश सहाय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










