2.67 करोड़ की साइबर ठगी का आरोपी पटना के राजीवनगर से गिरफ्तार, हावड़ा पुलिस को थी तलाश

सांकेतिक तस्वीर
पटना के राजीवनगर से 2.67 करोड़ रुपये की ऑनलाइन निवेश ठगी के आरोपी नीलमणि उर्फ राहुल को गिरफ्तार किया गया है. बिहार एसटीएफ, पटना जिला पुलिस और पश्चिम बंगाल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली. आरोपी लोगों को ज़्यादा मुनाफ़े का लालच देकर ठगी करता था.
Patna Cyber Fraud: ऑनलाइन निवेश के नाम पर हावड़ा के कई लोगों से 2.67 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी करने के आरोपी एक वांछित अपराधी को पटना के राजीवनगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीलमणि उर्फ राहुल के रूप में हुई है, जो लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था.
संयुक्त कार्रवाई में मिली सफलता
आरोपी की गिरफ्तारी बिहार एसटीएफ की विशेष टीम, पटना जिला पुलिस और पश्चिम बंगाल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हुई. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने राजीवनगर थाना क्षेत्र के चंद्र बिहार कॉलोनी, नेपाली नगर में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार नीलमणि उर्फ राहुल मूल रूप से वैशाली जिले के एराजी शाहबाजपुर, थाना सदर का निवासी है और वर्तमान में पटना में रह रहा था.
हावड़ा साइबर थाना में दर्ज है मामला
गिरफ्तार आरोपी हावड़ा (पश्चिम बंगाल) साइबर थाना कांड संख्या 18/24, दिनांक 14 जून 2024 में वांछित था. उसके खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 465, 468, 471, 406, 419, 420 और 120बी के तहत मामला दर्ज है.
निवेश पर मुनाफे का लालच देकर करता था ठगी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को बड़ा वित्तीय सलाहकार (फाइनेंशियल एडवाइजर) बताकर लोगों को ऑनलाइन निवेश के नाम पर अधिक लाभ कमाने का झांसा देता था. इसके बाद निवेश के नाम पर लोगों से बड़ी रकम लेकर साइबर ठगी को अंजाम देता था.
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस साइबर ठगी गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा ठगी के लिए किन-किन तरीकों का इस्तेमाल किया जाता था. अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ से साइबर ठगी के नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










