दो देशों को जोड़ेगा बिहार का ये सिक्स लेन केबल पुल, पटना-वैशाली के लोगों को मिलेगी ट्रैफिक जाम से मुक्ति
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 24 Mar 2025 8:02 AM
सांकेतिक तस्वीर
Six Lane Cable Bridge: गंगा नदी पर पटना और वैशाली के बीच बन रहा सिक्स लेन केबल पुल इस साल पूरा होने जा रहा है. यह न केवल दक्षिण और उत्तर बिहार को जोड़ेगा, बल्कि झारखंड से नेपाल बॉर्डर तक की यात्रा को भी आसान बनाएगा.
Six Lane Cable Bridge: बिहार में विकास की नई इबारत लिखते हुए गंगा नदी पर पटना और वैशाली के बीच बन रहा कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन केबल पुल इस साल बनकर तैयार हो जाएगा. यह पुल दक्षिण और उत्तर बिहार को सीधे जोड़ने के साथ-साथ झारखंड से नेपाल बॉर्डर तक की यात्रा को भी सुगम बनाएगा. इसके चालू होते ही पटना के अन्य पुलों पर गाड़ियों का दबाव घटेगा और लोगों को ट्रैफिक जाम से भी राहत मिलेगी.
पटना के पुलों पर घटेगा दबाव, मिलेगी जाम से मुक्ति
महात्मा गांधी सेतु, जेपी सेतु और राजेंद्र पुल पर अक्सर लगने वाले जाम से लोग परेशान रहते हैं. नया सिक्स लेन पुल इन पुलों का बोझ कम करेगा और यातायात को सुगम बनाएगा. नवादा, मुंगेर और नालंदा से उत्तर बिहार जाने वाली गाड़ियों को अब पटना आने की जरूरत नहीं होगी, जिससे समय और ईंधन की बचत होगी.
4988 करोड़ की लागत से बन रहा 10 किमी लंबा आधुनिक पुल
करीब 4988 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह पुल 9.76 किलोमीटर लंबा होगा और एप्रोच रोड सहित इसकी कुल लंबाई 19 किलोमीटर से अधिक होगी. यह 67 पायो (पिलर) पर टिका होगा, जिनके बीच की दूरी 160 मीटर होगी. मानसून और बाढ़ के दौरान गंगा नदी के अधिकतम जलस्तर को ध्यान में रखते हुए पुल की ऊंचाई 13 मीटर रखी गई है. जिससे जल परिवहन भी सुचारू रूप से जारी रह सकेगा.
राघोपुर दियारा के लोगों के लिए बड़ी सौगात
अब तक सड़क से सही तरीके से नहीं जुड़े राघोपुर दियारा के लोगों के लिए यह पुल किसी सौगात से कम नहीं होगा. एप्रोच रोड बन चुका है और बख्तियारपुर की ओर फ्लाईओवर और अन्य संपर्क मार्ग का काम लगभग पूरा हो गया है. इसे आमस-दरभंगा फोरलेन से भी जोड़ा जाएगा, जिससे इस क्षेत्र के लोगों को पटना और अन्य शहरों तक पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा.
बिहार की शान बनेगा यह आधुनिक केबल ब्रिज
आधुनिक तकनीक से बनाए जा रहे इस पुल की संरचना न केवल मजबूत होगी, बल्कि यह देखने में भी आकर्षक होगा. यह पुल बिहार के आर्थिक और सामाजिक विकास में अहम भूमिका निभाएगा. व्यापार को बढ़ावा देगा और लोगों की यात्रा को सुगम बनाएगा. इस साल के अंत तक तैयार होने वाले इस पुल के साथ बिहार को विकास की एक नई ऊंचाई मिलेगी, जो राज्य की प्रगति का प्रतीक बनेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










