कोल्ड डे : सर्द हवाओं की चपेट में पूरा बिहार, और गिरेगा पारा, एक हफ्ते में 10 उड़ानें रद्द, कई ट्रेनें भी चल रही लेट

Updated at : 27 Dec 2019 7:35 AM (IST)
विज्ञापन
कोल्ड डे : सर्द हवाओं की चपेट में पूरा बिहार, और गिरेगा पारा, एक हफ्ते में 10 उड़ानें रद्द, कई ट्रेनें भी चल रही लेट

दिन का तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे गिरा पटना : पूरा प्रदेश सर्द हवाओं की चपेट में है. इसके कारण से गलन व ठिठुरन काफी बढ़ गयी है. गुरुवार को पूरे प्रदेश में दिन का तापमान सामान्य से औसतन सात डिग्री नीचे चला गया है. महज 24 घंटे में तीन से चार डिग्री सेल्सियस […]

विज्ञापन
दिन का तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे गिरा
पटना : पूरा प्रदेश सर्द हवाओं की चपेट में है. इसके कारण से गलन व ठिठुरन काफी बढ़ गयी है. गुरुवार को पूरे प्रदेश में दिन का तापमान सामान्य से औसतन सात डिग्री नीचे चला गया है.
महज 24 घंटे में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी है. पिछले 10 दिनों में अधिकतम तापमान में औसतन 6 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान में औसतन 5.25 डिग्री सेल्सियस की कमी आयी है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक पूरे प्रदेश में दिन के तापमान में लगातार कमी आ सकती है. अगले 48 घंटे में तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस नीचे जाने का पूर्वानुमान है. साथ ही नये साल की शुरुआत से ठीक पहले से लेकर जनवरी के पहले सप्ताह तक हल्की बारिश का पूर्वानुमान है.
ठंड बढ़ने के कारण जहां अस्पतालों में ब्रेन हैमरेज, निमोनिया व दमा के मरीजों की संख्या काफी बढ़ गयी है, वहीं ट्रेन व विमान सेवा बाधित हो गयी है. गुरुवार को पूर्णिया में दिन का तापमान सामान्य से 9 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा. भागलपुर और पूर्णिया में सीवियर कोल्ड डे की स्थिति बनी.आइएमडी पटना के मुताबिक चली ठंडी हवाओं के चलते गुरुवार को प्रदेश में दिन का पारा सामान्य से औसतन सात डिग्री नीचे चला गया है. प्रदेश भर में दिन का तापमान गिर कर 15-17 डिग्री सेल्सियस के बीच सिमट गया है. पटना में दिन का तापमान सबसे कम 16 डिग्री सेल्सियस रहा. भागलपुर में 17 और गया में 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पूर्णिया में दिन का तापमान सामान्य से 9.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा. पूर्णिया में दिन का तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस रहा. सबोर में न्यूनतम तापमान सुबह 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
शीतलहर अभी बाकी
भले ही ठंड का कहर बिहार के लोग झेल रहे हों, पर मौसम विभाग अभी इसे शीतलहर नहीं मान रहा. डाॅ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डाॅ ए सत्तार ने बताया कि शीतलहर की स्थिति आने वाले समय में बन सकती है. इसके लिए न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री से नीचे लगातार तीन दिन होना चाहिए.
10 दिनों में अधिकतम तापमान में 6 डिग्री की गिरावट
10 दिनों के अंदर पटना के तापमान में गिरावट
तिथि अधिकतम न्यूनतम
16 दिसंबर 21.6 15.0
17 दिसंबर 20.3 12.0
18 दिसंबर 15.6 13.0
19 दिसंबर 17.2 7.6
20 दिसंबर 19.0 8.1
21 दिसंबर 19.1 8.2
22 दिसंबर 20.6 10.3
23 दिसंबर 20.4 10.4
24 दिसंबर 21.8 9.0
25 दिसंबर 19.0 10.0
26 दिसंबर 16.0 10.6
आगामी 48 घंटे में तापमान और घटेगा. नये साल पर बारिश की उम्मीद है. पश्चिमी विक्षोभ और जोर पकड़ेगा. उत्तरी मैदान में चल रही ठंडी हवाएं मौसम को और कठिन बनायेंगी. किसानों को पाला के प्रति सतर्क रहना चाहिए.
-डॉ ए सत्तार , वरिष्ठ मौसम विज्ञानी पूषा
सफर पर ब्रेक : एक हफ्ते में 10 उड़ानें रद्द राजधानी जैसी प्रीमियम ट्रेनें भी लेट
पटना. बदले मौसम का असर विमान व ट्रेन सेवा पर भी पड़ा है. पिछले एक सप्ताह में 100 से अधिक विमान देर से उड़े. 10 फ्लाइटें रद्द रहीं, जबकि दो डायवर्ट व एक ग्राउंडेड हुई. हर दिन उड़ान भरने वाली 41 जोड़ी विमानों में लगभग 50% विलंब से चल रही हैं. वहीं, बीते एक हफ्ते में राजधानी व संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम ट्रेनों से लेकर अधिकतम ट्रेनें घंटों विलंब से चल रही हैं. इस अवधि में राजधानी जहां डेढ़ से आठ घंटे तक लेट रही, वहीं संपूर्ण क्रांति भी दो से आठ घंटे तक लेट हुई. लेटलतीफी की वजह से ट्रेनों की रिशिड्यूलिंग होने से यात्रियों को स्टेशन पर ही रात बितानी पड़ रही है. कुहासे को देखते हुए पूर्व मध्य रेल प्रशासन ने पहले ही 12 जोड़ी ट्रेनों को रद्द कर दिया था, जबकि 19 जोड़ी ट्रेनों को सप्ताह में एक से तीन दिन तक रद्द रखा गया है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन