पटना : नशेड़ियों तक ब्राउन शूगर पहुंचाने को अभिमन्यु ने खरीदे थे 10 ऑटो
Updated at : 29 Nov 2019 8:50 AM (IST)
विज्ञापन

पटना : शहर में ब्राउन शूगर बेचने के लिए ऑटो का सहारा लिया जा रहा है. सवारी छोड़ने के नाम पर तस्कर संबंधित जगहों पर ब्राउन शूगर पहुंचाने का काम कर रहे हैं. यह खुलासा पुलिस की गिरफ्त में आये नंदलाल छपरा के रहने वाले जितेंद्र व गर्दनीबाग के सूरज ने अपने बयान में किया […]
विज्ञापन
पटना : शहर में ब्राउन शूगर बेचने के लिए ऑटो का सहारा लिया जा रहा है. सवारी छोड़ने के नाम पर तस्कर संबंधित जगहों पर ब्राउन शूगर पहुंचाने का काम कर रहे हैं. यह खुलासा पुलिस की गिरफ्त में आये नंदलाल छपरा के रहने वाले जितेंद्र व गर्दनीबाग के सूरज ने अपने बयान में किया है. पुलिस को दिये बयान में उन्होंने बताया कि गिरोह के मुख्य सरगना अभिमन्यु सिंह ने ब्राउन शूगर की सप्लाइ के लिए 10 ऑटो खरीदे हैं. शामिल लोगों को ब्राउन शूगर की पुड़िया देकर नशेड़ियों तक ऑटो के माध्यम से पहुंचाया जाता है.
कॉलेज के छात्रों को बनाते हैं निशाना : ब्राउन शूगर का कारोबार कॉलेज व स्कूली बच्चों तक फैला हुआ है. मुख्य सरगना शहर के स्थानीय तस्करों से मिल कर ब्राउन शूगर की खेप राजस्थान व बंगाल से मंगाता है और युवा व्यापारियों व छात्रों को सप्लाइ कर उन्हें नशे का आदी बना रहा है. सूरज की मानें, तो नशेड़ियों की ओर से बताये गये चिह्नित ठिकानों पर ब्राउन शूगर सप्लाइ करने का चार्ज डेढ़ गुना अधिक बढ़ जाता है. मुनाफा अधिक कमाने के लिए ही अभिमन्यु ने ऑटो खरीदा था.
पकड़ने के लिए एसआइटी का गठन
ब्राउन शूगर का कारोबार करने वाले मुख्य सरगना अभिमन्यु सिंह को पकड़ने के लिए पुलिस ने एसआइटी का गठन किया है. डीएसपी सुरेश प्रसाद को इस एसआइटी का इंचार्ज बनाया गया है. गठन होने के बाद पुलिस की टीम ने पाटलिपुत्र स्थित एक अपार्टमेंट में छापेमारी कर अभिमन्यु के एक करीबी दोस्त को हिरासत में लिया है.
पुलिस की मानें, तो संबंधित व्यक्ति के पास अभिमन्यु आकर रुकता था और कई बार पूरी रात रहता था. हालांकि हिरासत में पकड़े गये व्यक्ति से जब पूछताछ की गयी, तो उसने बताया कि डेढ़ साल से अभिमन्यु से उसका कोई संबंध नहीं है. इधर पुलिस आरोपित के घर बेऊर मोड़ भी गयी थी, लेकिन दूसरे दिन भी वह फरार मिला.
गाड़ी में मिला कोलकाता का एयर टिकट
जब्त पजेरो गाड़ी की जब तलाशी ली गयी, तो उसमें कोलकाता का एयर टिकट बरामद हुआ है. ऐसे में कयास लगाये जा रहे हैं कि संबंधित टिकट अभिमन्यु का ही है. कोलकाता वह अय्याशी की नीयत से ही जाता था. आरोपित ब्राउन शूगर की खेप कहां से मंगाता था, इसकी जांच चल रही है.
उल्लेखनीय है कि बुधवार को वाहन चेकिंग के दौरान पीरबहोर थाना इलाके के बीएन कॉलेज के सामने सुबह चार बजे पटना सिटी जा रही एक पजेरो गाड़ी में 26 अलग-अलग पैकेटों में 13 हजार पुड़िया बरामद की गयी. इनकी कीमत पांच करोड़ रुपये बतायी गयी. पुलिस ने सूरज, जितेंद्र कुमार, राजकुमार ठाकुर को गिरफ्तार किया था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




