पटना : साढ़े नौ हजार कार्यकर्ताओं पर भरोसा, भाजपा में तेजी से बढ़ने लगी है बागियों की संख्या
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 09 Apr 2019 7:45 AM
पटना : लोकसभा चुनाव की तपिश बढ़ने के साथ ही भाजपा में बागियों की संख्या बढ़ती जा रही है. अब तक दो मुख्य सहयोगी बांका से पुतुल देवी और महाराजगंज से एमएलसी सच्चिदानंद राय ने बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की है. भाजपा को इससे होने वाले डैमेज को कंट्रोल करने का पूरा […]
पटना : लोकसभा चुनाव की तपिश बढ़ने के साथ ही भाजपा में बागियों की संख्या बढ़ती जा रही है. अब तक दो मुख्य सहयोगी बांका से पुतुल देवी और महाराजगंज से एमएलसी सच्चिदानंद राय ने बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की है.
भाजपा को इससे होने वाले डैमेज को कंट्रोल करने का पूरा भरोसा इस बार बूथ स्तर और शक्ति केंद्र के स्तर पर तैयार इनकी कार्यकर्ताओं की फौज पर है. पार्टी बागियों से होने वाले नुकसान का आकलन करके इसकी भरपाई में भी जुट गयी है. इसके लिए पार्टी शीर्ष नेतृत्व से लेकर अंतिम स्तर तक सभी से एक सूत्रीय संपर्क बनाये रखने पर खासतौर से ध्यान दे रही है. भाजपा ने राज्य भर में साढ़े नौ हजार से ज्यादा शक्ति केंद्रों की स्थापना कर रखी है. चुनावी शंखनाद से पहले इन सभी केंद्रों पर सभी सदस्यों की किसी न किसी बड़े नेता के साथ बैठक भी हो चुकी है.
इन शक्ति केंद्रों की बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय, डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव, कृषि मंत्री प्रेम कुमार, उपाध्यक्ष देवेश कुमार समेत तमाम बड़े नेता अलग-अलग स्थानों पर शिरकत कर चुके हैं. इन बैठकों में शक्ति केंद्र प्रभारी से लेकर इसके तमाम सदस्यों को पूरी तरह से मोर्चाबंदी करके रखा गया है. चुनाव में ये केंद्र काफी सक्रिय भी हैं, जिनका फायदा सीधे तौर पर भाजपा को होने की उम्मीद है. खासकर लोगों को मोटिवेट कर वोट दिलाने में.
प्रत्येक बूथ पर कमेटी या टोली तैयार
भाजपा ने प्रत्येक बूथ के स्तर पर बूथ कमेटी या टोली तैयार कर रखी है. प्रत्येक टोली में एक पिछड़ा और एक महिला को अनिवार्य रूप से रखते हुए लोगों का छोटा जत्था बनाया गया है. इन लोगों को भी चुनाव में बड़े नेता लगातार एक्टिवेट कर रहे हैं.
ताकि इन लोगों का अपने संबंधित क्षेत्र के लोगों से लगातार संपर्क बना रहे और बोटिंग के समय ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों को अपने पक्ष में लामबंद किया जा सके. जिला से लेकर मंडल स्तर के सभी नेता रोजाना अपने क्षेत्र के सभी बूथ टोली से फीडबैक लेते रहते हैं. माइक्रो लेबल पर तैयार इन दोनों जत्थों की बदौलत ही भाजपा को विरोधियों से होने वाले नुकसान की भरपाई का पूरा भरोसा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










