ePaper

पटना : पांच तक घाट निर्माण से ले एप्रोच रोड तक का काम पूरा

Updated at : 05 Nov 2018 9:29 AM (IST)
विज्ञापन
पटना : पांच तक घाट निर्माण से ले एप्रोच रोड तक का काम पूरा

पटना : शनिवार को गंगा घाटों के मुख्यमंत्री निरीक्षण के बाद अब घाटों के काम को तय समय में पूरा करने के निर्देश जारी किये गये हैं. रविवार को जिलाधिकारी कुमार रवि ने दीदारगंज घाट से काली घाट तक सभी घाटों का निरीक्षण किया. इस दौरान नगर आयुक्त अनुपम कुमार सुमन को निर्देश दिये कि […]

विज्ञापन
पटना : शनिवार को गंगा घाटों के मुख्यमंत्री निरीक्षण के बाद अब घाटों के काम को तय समय में पूरा करने के निर्देश जारी किये गये हैं. रविवार को जिलाधिकारी कुमार रवि ने दीदारगंज घाट से काली घाट तक सभी घाटों का निरीक्षण किया. इस दौरान नगर आयुक्त अनुपम कुमार सुमन को निर्देश दिये कि पांच नवंबर तक सभी घाटों के काम को पूरा किया जायेगा. उन्होंने कहा कि पांच नवंबर तक घाटों पर संपर्क पथ, रोशनी, घाट निर्माण, पार्किंग एवं बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित किया जाये. नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी घाटवार सफाई कम्यूनिकेशन प्लान के साथ पूरा करायेंगे.
इसके साथ ही अभियंता लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि सभी घाटों में पांच नवंबर तक शौचालय, यूरिनल और चापाकल की व्यवस्था को पूरा करें. इसके अलावा भवन निर्माण के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि नियंत्रण कक्ष, वॉच टाॅवर, चेंजिंग रूम, यात्री शेड के काम को पूरा किया जाये. वहीं नजारत के उप समाहर्ता को डीएम ने निर्देश दिया कि नियंत्रण कक्ष और वाच टाॅवर पर साउंड सिस्टम की व्यवस्था पूरी की जाये.
वाहन पार्किंग व अतिक्रमण हटाने का निर्देश : जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षण यातायात को निर्देश दिया कि यातायात व्यवस्था के लिए ट्रैफिक प्लान तैयार करने समाचार पत्रों में प्रकाशित करने के निर्देश दिये गये. बिहार राज्य पथ विकास निगम को निर्देश दिया कि दीघा पाटीपुल घाट से होते हुए बांस घाट से गंगा पाथ वे के सर्विस लेन से कलेक्ट्रेट घाट तक पहुंच पथ का निर्माण पांच नवंबर तक पूरा करा लें. इसके अलावा उप समाहर्ता को निर्देश दिया गया कि पार्किंग स्थल के आगे वाहन नहीं जाये.
अपर जिला दंडाधिकारी विधि व्यवस्था एवं प्रभारी पदाधिकारी जिला नियंत्रण कक्ष सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संधारण के लिए घाटवार दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति संबंधी संयुक्तादेश निकालेंगे. सभी अनुमंडल पदाधिकारी नावों के परिचालन पर रोक संबंधी आदेश निर्गत करेंगे एवं अनुमंडल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था संधारण को आवश्यक प्रतिनियुक्ति करेंगे. इसके अलावा हाईमास्ट लाइट को ठीक कराने व आवारा पशुओं को सड़क से हटाने के निर्देश दिये गये.
जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन के अपर समाहर्ता को निर्देश दिया कि वे एनडीआरएफ, एसडीआरएफ की प्रतिनियुक्ति के साथ-साथ नाव, नाविकों एवं गोताखोरों की सूची मोबाइल नंबर के साथ घाटवार तैयार करेंगे. इसके अलावा सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया कि चिकित्सकों के घाटवार जीवनरक्षक दवाओं के साथ प्रतिनियुक्त करेंगे. एम्बुलेंस की व्यवस्था करेंगे. पीएमसीएच, एनएमसीएच, आईजीआईएमएस में घाटों एवं एम्बुलेंस की अस्पताल के साथ टैगिंग करेंगे.
वहीं महाप्रबंधक पेसू को निर्देश दिया कि घाटों के ग्रुप के लिए अभियंताओं व कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करेंगे. घाटों के आस-पास एवं पहुंच पथ पर अवस्थित विद्युत तारों को व्यवस्थित करेंगे, पूजा समितियों से संपर्क कर उन्हें अस्थायी विद्युत कनेक्शन उपलब्ध करायेंगे तथा पटना नगर निगम द्वारा घाटों पर रोशनी की व्यवस्था करने के लिए विद्युतिकरण कार्य को पूरा करायेंगे.
दीपावली व छठ पूजा को लेकर निगम प्रशासन की ओर से अंचल स्तर पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है. मुहल्लों की गलियों से लेकर मुख्य व प्रमुख सड़कों तक दो शिफ्टों में कचरा उठाव किया जा रहा है. इसके साथ ही सड़कों पर झाड़ू भी लगायी जा रही है. इसके बावजूद कूड़ा प्वाइंटों पर कचरा दिखना बंद नहीं हो रहा है.
व्यावसायिक इलाकों से रात्रि में कचरा उठाव : नगर आयुक्त के निर्देश पर चारों अंचलों के कार्यपालक पदाधिकारियों ने वार्ड स्तर पर सफाई कर्मियों की जिम्मेदारी तय की है. व्यावसायिक इलाकों से रात्रि में कचरा उठाव कराया जा रहा है. गंगा घाटों व तालाबों के आसपास की सफाई को लेकर विशेष सफाई कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है.
सफाई व निर्माण की निगरानी को टीम गठित : गंगा घाटों की एप्रोच रोड, लाइट, गंगा की धारा तक पहुंच पथ, अस्थायी शौचालय, घाटों का समतलीकरण आदि कार्य किया जा रहा है. इसके साथ ही तालाबों के सौंदर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है. इन कार्यों के साथ-साथ सफाई अभियान भी चल रहा है. गंगा घाटों व तालाबों पर हो रहे कार्य में किसी स्तर पर कोताही नहीं बरती जाये.
जिलाधिकारी ने बताया कि पटना सदर अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा जांच के बाद 14 घाटों को खतरनाक घाट घोषित किया गया है. इसमें कुर्जी घाट, पाटलीपुत्र घाट, शिवा घाट दीघा, मीनार घाट दीघा, एलसीटी घाट पर नदी का किनारा काफी खड़ा है एवं गहरा पानी है.
वहीं टीएन बनर्जी घाट, मिश्री घाट, जजेज घाट, अदालत घाट, वंशी घाट, सिपाही घाट, अंटा घाट, बीएन कॉलेज घाट, बांकीपुर क्लब घाट, जहाज घाटों पर गंगा चैनल में ठहरा हुआ पानी है, जिससे बदबू आती है. वहीं पटना सिटी अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा भी जांच के बाद आठ घाटों को खतरनाक घाट घोषित किया गया है. इसमें खाजेकलां घाट, केशव राय घाट, अदरख घाट, मिरचाई घाट, गड़ेरिया घाट, पिरदमरिया घाट, नन्दगोला घाट, नुरूद्दीनगंज घाट. इन सभी घाटों पर नदी का किनारा काफी खड़ा एवं नदी का पानी काफी गहरा है. उक्त घाटों पर छठ पूजा करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन