पटना : फर्जी सॉफ्टवेयर कंपनी बना एनआरआई महिला से ठग लिये 56 लाख, गिरफ्तार

Updated at : 02 Sep 2018 8:30 AM (IST)
विज्ञापन
पटना : फर्जी सॉफ्टवेयर कंपनी बना एनआरआई महिला से ठग लिये 56 लाख, गिरफ्तार

इंप्रेस करने को क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी को बताया कंपनी का ब्रांड एंबेसडर पटना : अमेरिका में रहने वाली इंडियन एनआरआई साॅफ्टवेयर इंजीनियर पारुल वर्मा से 80 हजार अमेरिकी डॉलर (56 लाख इंडियन करेंसी) की ठगी हुई है. पुलिस ने आरोपित ज्योति रंजन को राजीव नगर के रोड नंबर-9 कुरकुरी भवन से गिरफ्तार किया है. […]

विज्ञापन
इंप्रेस करने को क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी को बताया कंपनी का ब्रांड एंबेसडर
पटना : अमेरिका में रहने वाली इंडियन एनआरआई साॅफ्टवेयर इंजीनियर पारुल वर्मा से 80 हजार अमेरिकी डॉलर (56 लाख इंडियन करेंसी) की ठगी हुई है.
पुलिस ने आरोपित ज्योति रंजन को राजीव नगर के रोड नंबर-9 कुरकुरी भवन से गिरफ्तार किया है. पिछले दो साल से ठगी की शिकार हो रही महिला से ज्योति रंजन ने पांच लाख रुपये की और डिमांड की थी. महिला को अब उस पर शक हो गया था. महिला ने पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक से शिकायत की और ज्योति रंजन के खिलाफ राजीव नगर थाने में केस दर्ज कराया. शनिवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. उसे जेल भेज दिया गया है.
ज्योति रंजन ने इंटेलिवर टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के नाम से फर्जी कंपनी बनायी थी. उसने महिला एनआरआई को शादी का झांसा देकर अपने प्रेमजाल में फंसाया और अपनी कंपनी को प्रमोट करने के नाम पर डॉलर वसूलता रहा.
धोनी को ब्रांड एंबेसडर बता, महिला को चंगुल में फंसाया: ज्योति रंजन ने अपनी फर्जी सॉफ्टवेयर कंपनी इंटेलिवर टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड का रजिस्ट्रेशन राजीव नगर रोड नंबर-एक शंकर कॉलोनी नाॅर्थ जयप्रकाश नगर पिन नंबर-800025 के पते पर कराया था. उसने वर्ष 2015 में कंपनी का रजिस्ट्रेशन कराया था. इसी कंपनी के नाम पर उसने ठगी करने की साजिश रची और सोशल मीडिया के माध्यम से वर्ष 2016 में अमेरिका में रहने वाली सॉफ्टवेयर इंजीनियर पारुल वर्मा से उसने नजदीकियां बढ़ा लीं.
यूपी की रहने वाली पारुल कई सालों से अमेरिका में रहकर जॉब करती हैं. ज्योति रंजन महिला से जुड़ा और अपनी सॉफ्टवेयर कंपनी के बारे में जानकारी दी. महिला को प्रभावित करने के लिए उसने बताया कि क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी उसकी कंपनी के ब्रांड एंबेसडर हैं. फोटोशॉप के माध्यम से धोनी के साथ फोटो बनवा कर फेक न्यूज बना कर सोशल मीडिया पर डाल दिया था.
इसके बाद महिला उसके जाल में फंस गयी. फिर उसने शादी का झांसा देकर उसे पूरी तरह से अपने विश्वास में लेलिया. इसके बाद ठगी का खेल शुरू हुआ. ज्योति रंजन अपनी कंपनी को प्रमोट करने के नाम पर महिला से अब तक 80 हजार अमेरिकी डॉलर ले चुका है.
मिलकर कंपनी आगे बढ़ाने का दिया था झांसा
ज्योति रंजन ने महिला को झांसा दिया कि जब उसकी कंपनी आगे बढ़ जायेगी, तो वह उससे शादी कर लेगा और दोनों मिल कर कंपनी को आगे बढ़ायेंगे. लेकिन जब महिला शादी करने के लिए दबाव बनाती थी, तो वह बहाने बनाता था.
इस पर महिला को शक होने लगा था. इधर विश्वास जमाने के लिए ज्योति रंजन अमेरिका उससे मिलने जाता था. इस तरह से उसने विश्वास में लेकर ठगी की.
लेकिन जब उससे दोबारा पांच लाख रुपये की मांग की, तो महिला को शक हुआ.महिला ने पटना में आकर पता किया, तो कंपनी फर्जी निकली. यह भी जानकारी मिली कि ज्योति रंजन ने शादी कर ली है. हालांकि पुलिस इस बात की पुष्टि नहीं कर रही है. पुलिस का कहना है कि इसका सत्यापन कराया जा रहा है कि उसने अन्य महिला से शादी की है या नहीं. फिलहाल आरोपित को जेल भेज दिया गया है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन