ePaper

बिहार : जेपी जयंती में शामिल होने पहुंचे यशवंत सिन्हा ने एक बार फिर भाजपा को ललकारा

Updated at : 12 Oct 2017 8:21 AM (IST)
विज्ञापन
बिहार : जेपी जयंती में शामिल होने पहुंचे यशवंत सिन्हा ने एक बार फिर भाजपा को ललकारा

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने शाह के बेटे के बहाने भाजपा को ललकारा पटना : पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने भाजपाध्यक्ष अमित शाह के बेटे जय शाह के बहाने भाजपा पर एक बार फिर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि जय शाह प्रकरण से भाजपा की उच्च नैतिकता के दावे की पोल खुल गयी. […]

विज्ञापन
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने शाह के बेटे के बहाने भाजपा को ललकारा
पटना : पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने भाजपाध्यक्ष अमित शाह के बेटे जय शाह के बहाने भाजपा पर एक बार फिर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि जय शाह प्रकरण से भाजपा की उच्च नैतिकता के दावे की पोल खुल गयी. पार्टी की उच्च नैतिकता के दावे को इससे नुकसान हुआ है.
लोकनायक जय प्रकाश नारायण की जयंती पर बुधवार को पटना आये यशवंत सिन्हा ने कहा कि उन्हें जब भी मार्गदर्शन या प्रेरणा की जरूरत होती है, तो वह जेपी के चित्र या प्रतिमा के पास आते हैं. सिन्हा ने रेल मंत्री पीयूष गोयल को भी आड़े हाथ लिया.
उन्होंने कहा कि पीयूष गोयल ने जिस तरह से अमित शाह के बेटे का बचाव किया, उससे लगा कि वे केंद्र के मंत्री नहीं उनकी कंपनी के चार्टर्ड एकाउंटेंट हों. यशवंत सिन्हा जेपी आवास (चरखा समिति) पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे. पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश के मौजूदा हालात में जेपी याद आते हैं. जेपी का मानना था कि एक सरकार होती है और एक लोकशक्ति.
जब तक लोकशक्ति का उस सरकार पर नियंत्रण नहीं होगा, तब तक सरकार भटकती रहेगी. जेपी ने हमेशा लोकशक्ति को तरजीह दी. लोकशक्ति, राजशक्ति पर नियंत्रण रखती है. अभी लोकशक्ति को जागृत होकर राजशक्ति को नियंत्रण करना चाहिए. जय शाह प्रकरण से भाजपा के लाभ व हानि के बारे में पूछे जाने पर कहा कि यह आनेवाला समय बतायेगा. एक प्रश्न के उत्तर में सिन्हा ने कहा कि जय शाह स्वतंत्र देश के स्वतंत्र नागरिक हैं. अपने बारे में या बचाव के बारे में उन्हें कहने का पूरा हक है. तुरंत पार्टी या सरकार को आगे नहीं आना चाहिए.
मैं राष्ट्रधर्म का पालन कर रहा हूं और बेटा राजधर्म का
एक प्रश्न के उत्तर में यशवंत सिन्हा ने कहा कि मैं राष्ट्रधर्म का पालन कर रहा हूं और मेरा बेटा राजधर्म का. इसके पहले सिन्हा का चरखा समिति पहुंचने पर मृदुला प्रकाश ने उनकी आगवानी की. पूर्व केंद्रीय मंत्री ने पूरे परिसर को देखा.
मीडिया को दबाने का हो रहा प्रयास : यशवंत सिन्हा ने कहा कि मीडिया का काम है किसी बात को उजागर करना. जिस तरह सौ करोड़ के मानहानि का मुकदमा किया गया, वह यह दर्शाता है कि मीडिया को दबाने का प्रयास हो रहा है.
जय शाह प्रकरण के बाद अमित शाह के इस्तीफे के सवाल पर यशवंत सिन्हा ने कहा कि यह उनके विवेक पर निर्भर करता है. पहले के कुछ अध्यक्षों ने अपने विवेक पर निर्णय लिया. सरकार को इसकी जांच करानी चाहिए, लेकिन लगता नहीं है कि सरकार जांच कराना चाहती है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन