कंगन घाट पर बनेगी 99 करोड़ की मल्टीलेवल पार्किंग, जानें क्या-क्या मिलेंगी सुविधाएं
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 18 Mar 2026 10:30 AM
सांकेतिक तस्वीर
Patna News: पटना सिटी के कंगन घाट पर अब देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने वाली है. पर्यटन विभाग की ओर से यहां 99.26 करोड़ रुपये की लागत से मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण शुरू हो गया है. मंगलवार को तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब के जत्थेदार ज्ञानी बलदेव सिंह ने अरदास के साथ इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला रखी.
Patna News: पटना की ऐतिहासिक धरती और सिखों के पवित्र तीर्थस्थल तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी बाधा दूर होने वाली है. पर्यटन विभाग ने कंगन घाट पर 99.26 करोड़ रुपये की लागत से एक विशाल मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण की मंजूरी दी है.
मंगलवार को तख्त पटना साहिब के जत्थेदार ज्ञानी बलदेव सिंह और पंच प्यारों ने अरदास कर इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की नींव रखी.
अरदास के साथ शुरू हुआ निर्माण कार्य
कंगन घाट गुरुद्वारा के सामने आयोजित कार्यक्रम में संतों और सिंह साहिवानों की मौजूदगी में अरदास कर निर्माण कार्य की शुरुआत की गई. बाललीला गुरुद्वारा और कार सेवा से जुड़े प्रमुख संतों की उपस्थिति ने इस परियोजना को धार्मिक महत्व भी दे दिया है. इसके बाद पारंपरिक तरीके से कार सेवा के माध्यम से निर्माण कार्य शुरू किया गया.
लगभग दो एकड़ के विशाल क्षेत्र में बनने वाली यह पार्किंग छह मंजिला होगी. इसकी सबसे खास बात यह है कि इसमें दो हाई-टेक कार लिफ्ट लगाई जाएंगी, जिससे वाहनों को ऊपर की मंजिलों तक पहुंचाना बेहद आसान होगा. प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही के अनुसार, इस परिसर में एक साथ 500 से अधिक कारें और 50 के करीब बस व ट्रक पार्क किए जा सकेंगे.
मरीन ड्राइव से सीधा कनेक्शन और ई-रिक्शा की सुविधा
श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाने के लिए इस पार्किंग को सीधे जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) से जोड़ा जाएगा. यानी अब बाहर से आने वाले भक्तों को शहर की संकरी गलियों और अशोक राजपथ के भारी जाम से जूझने की जरूरत नहीं पड़ेगी. वे सीधे मरीन ड्राइव से उतरकर पार्किंग स्थल पहुंच सकेंगे. वहां से तख्त साहिब तक आने-जाने के लिए विशेष ई-रिक्शा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि श्रद्धालुओं का सफर भी सुकून भरा रहेगा.
सिर्फ पार्किंग नहीं, ठहरने का भी होगा इंतजाम
पर्यटन विभाग की यह योजना केवल गाड़ियों तक सीमित नहीं है. दूर-दराज से आने वाली संगत की सुविधा के लिए इस छह मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर बड़े डोरमेट्री हॉल बनाए जाएंगे. इसके अलावा, निचले तल पर आधुनिक बाथरूम और यात्रियों के बैठने के लिए विशेष वेटिंग एरिया की व्यवस्था होगी.
दो साल के भीतर इस प्रोजेक्ट को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. निर्माण कार्य शुरू होने के दौरान बाललीला गुरुद्वारा के बाबा गुरविंदर सिंह और कार सेवा दिल्ली वाले बाबा गुरनाम सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने इस कार्य को सेवा भाव से पूरा करने का संकल्प लिया.
Also Read: बिहार में किसानों को बिना डॉक्यूमेंट सिर्फ 15 मिनट में मिलेगा KCC लोन, इस तरह मिलेगी सुविधा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










