नीतीश सरकार बिहार में तीन माह के लिए अस्थायी अतिरिक्त डॉक्टर और नर्सों की करेगी नियुक्ति

राज्य में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा स्वास्थ्य विभाग में अतिरिक्त मानव बल की अस्थायी नियुक्ति का निर्णय लिया गया है. स्वास्थ्य विभाग में तीन माह के लिए अस्थायी तौर पर डॉक्टर और नर्सों की नियुक्ति की जायेगी.
पटना. राज्य में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा स्वास्थ्य विभाग में अतिरिक्त मानव बल की अस्थायी नियुक्ति का निर्णय लिया गया है. स्वास्थ्य विभाग में तीन माह के लिए अस्थायी तौर पर डॉक्टर और नर्सों की नियुक्ति की जायेगी.
इसके लिए प्रति दिन और प्रति शिफ्ट के अनुसार मानदेय भी निर्धारित कर दिया गया है. स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिलों में अस्थायी तौर पर अतिरिक्त मैनपावर उपलब्धता सुनिश्चित कराने को लेकर जिला पदाधिकारी, मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अधीक्षक एवं प्राचार्य के अलावे सिविल सर्जन को अधिकृत किया गया है.
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने बताया कि मानव बल की संख्या बढ़ने से कोरोना मरीजों के बेहतर उपचार में सहूलियत होगी. उन्होंने बताया कि तीन माह के लिए अस्थायी तौर पर की जाने वाली नियुक्ति में विशेषज्ञ चिकित्सक (पीजी) को 7000 प्रतिदिन, प्रति शिफ्ट दिया जायेगा तो विशेषज्ञ (डिप्लोमा) चिकित्सक को 5000 रुपये प्रतिदिन व प्रति शिफ्ट मानदेय दिया जायेगा.
सामान्य चिकित्सकों में एमबीबीएस को 4000 रुपये प्रतिदिन व प्रति शिफ्ट दिया जायेगा. नर्सिंग स्टाफ में बीएससी (नर्सिग) को 2000 प्रतिदिन व प्रति शिफ्ट, जीएनएम को 1500 रुपये एवं एएनएम को 1000 रुपये प्रतिदिन व प्रति शिफ्ट देने का निर्णय किया गया है. श्री पांडेय ने कहा कि मानेदय का उपरोक्त दर कोरोना काल के परिप्रेक्ष्य में निर्धारित एक विशिष्ट दर है.
इस दर को किसी अन्य उद्देश्य हेतु मानक दर नहीं माना जायेगा. इसके अतिरिक्त लैब टेक्निशियन, वार्ड ब्वॉय, डाटा इंट्री ऑपरेटर, मल्टी टास्किंग स्टाफ आदि की सेवा भी पूर्व से प्रचलित दरों पर मासिक आधार पर ली जा सकती है. आवश्यक मानव बल की संख्या का निर्धारण स्वास्थ्य विभाग द्वारा गठित समिति द्वारा किया जायेगा.
Posted by Ashish Jha
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




