अवैध खनिज परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 49,490 किलो गिट्टी लदा 16 चक्का ट्रक जब्त
जब्त वाहन के साथ खनन निरीक्षक एवं पुलिस बल
Nawada News : रजौली में जिला खनन विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बिना वैध चालान के 49 हजार किलो गिट्टी ले जा रहे एक ट्रक को जब्त किया है। चालक मौके से फरार।
Nawada News : जिले में अवैध खनिज परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला खनन कार्यालय ने बुधवार की रात बड़ी कार्रवाई की. खनन विभाग की टीम और रजौली पुलिस के संयुक्त छापेमारी अभियान में ओवरलोड और बिना वैध चालान के गिट्टी लदा 16 चक्का ट्रक पकड़ा गया. जब्त वाहन को पुलिस बल की सुरक्षा में जांच चौकी पर रखा गया है.
आपके शहर में
एनएच-20 पर जांच के दौरान पकड़ा गया ट्रक
जिला खनन पदाधिकारी अमन प्रत्यय के निर्देश पर खनन निरीक्षक अंजनी कुमार और थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार के नेतृत्व में एनएच-20 पर जांच अभियान चलाया गया. इसी दौरान वाहन संख्या बीआर01जीपी-6256 को रोककर जांच की गयी. जांच के दौरान ट्रक से गिट्टी का कोई चालान और परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिला.
धर्मकांटा पर तौल में 49,490 किलो मिला वजन
जांच के दौरान ट्रक को धर्मकांटा पर ले जाकर तौल कराया गया. तौल में लदे हुए लघु खनिज पत्थर समेत वाहन का कुल वजन 49,490 किलो पाया गया. छापेमारी की भनक लगते ही ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस और खनन विभाग की टीम ने वाहन को अपने कब्जे में ले लिया.
बिना चालान खनिज परिवहन नियमों का उल्लंघन
खनन निरीक्षक अंजनी कुमार ने बताया कि ट्रक मालिक भी खनन राजस्व जमा करने का प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका. बिना चालान और राजस्व जमा किए खनिज का परिवहन करना 'बिहार खनिज (समनुदान, अवैध खनन, भंडारण, परिवहन एवं निवारण) नियमावली-2019, यथासंशोधित 2026' का स्पष्ट उल्लंघन है.
30 दिनों में जमा करना होगा निर्धारित जुर्माना
खनन पदाधिकारी ने बताया कि वाहन स्वामी को 30 दिनों के अंदर ओ-जीआरएएस पोर्टल के माध्यम से निर्धारित जुर्माने की राशि जमा करनी होगी. निर्धारित अवधि में राशि जमा नहीं करने पर वाहन के अधिहरण यानी राजसात की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी. कार्रवाई के दौरान एएसआई सत्यदेव प्रसाद समेत सशस्त्र पुलिस बल के जवान भी मौजूद रहे.
अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान जारी
खनन विभाग की कार्रवाई के बाद जिले में अवैध खनिज उठाव और परिवहन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है. जिला खनन पदाधिकारी अमन प्रत्यय ने कहा कि जिले में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ आगे भी लगातार छापेमारी की जाएगी. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : नवादा में 27 अगस्त को लगेगा नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला, 25 से 30 नियोजक होंगे शामिल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए