नवादा में स्कूली वाहनों की जांच, नियम उल्लंघन पर लगाया जुर्माना

ओवरलोडिंग और दस्तावेजों में गड़बड़ी उजागर
ओवरलोडिंग और दस्तावेजों में गड़बड़ी उजागर प्रतिनिधि, नवादा सदर. जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग एवं जिला प्रशासन की ओर से लगातार कार्रवाई जारी है. इसी क्रम में सोमवार को जिलेभर में स्कूली वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान बसों व अन्य वाहनों की गहन जांच की गयी, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आयीं. जांच में ओवरलोडिंग, परमिट उल्लंघन, फिटनेस प्रमाणपत्र की कमी तथा इंश्योरेंस व प्रदूषण प्रमाणपत्र की खामियां पायी गयीं. इन मामलों में नियमों के अनुसार वाहन संचालकों पर जुर्माना लगाया गया. अकौना स्थित निजी विद्यालय की बस (BR52P-0539) को ओवरलोडिंग में पकड़ा गया, जिस पर 15,300 रुपये का जुर्माना लगाया गया. शहर के एक अन्य स्कूल की बस (BR27B-0354) पर 10,800 रुपये का चालान काटा गया. कुछ अन्य वाहनों में अतिरिक्त यात्रियों को बैठाने पर 2,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया गया. कुछ बसों में फिटनेस, इंश्योरेंस एवं प्रदूषण प्रमाणपत्र की कमियों पर 9,000 से 9,800 रुपये तक का दंड निर्धारित किया गया. अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान बच्चों की सुरक्षा के लिए चलाया जा रहा है. सभी विद्यालय प्रबंधन एवं वाहन संचालकों से नियमों का पालन करने की अपील की गयी है. अधिकारियों ने संकेत दिया कि ऐसे जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे और कार्रवाई की जायेगी. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जायेगी और बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी. अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में और सख्ती से जांच की जायेगी तथा दोषी पाये जाने वाले वाहन संचालकों पर कठोर कार्रवाई होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










