ePaper

सत्येंद्र साव बने खुदरा गल्ला व्यवसाय संघ के अध्यक्ष

Updated at : 02 Jan 2026 7:54 PM (IST)
विज्ञापन
सत्येंद्र साव बने खुदरा गल्ला व्यवसाय संघ के अध्यक्ष

खुदरा गल्ला व्यवसायी संघ पकरीबरावां का वार्षिक चुनाव संपन्न

विज्ञापन

खुदरा गल्ला व्यवसायी संघ पकरीबरावां का वार्षिक चुनाव संपन्न प्रतिनिधि, पकरीबरावां. खुदरा गल्ला व्यवसाय संघ पकरीबरावां के तत्वावधान में देवी स्थान स्थित संघ भवन में शुक्रवार को वार्षिक चुनाव, गत वर्ष के आय-व्यय लेखा-जोखा की प्रस्तुति और सम्मान समारोह हुआ. इस कार्यक्रम में संघ से जुड़े बड़ी संख्या में व्यवसायियों के साथ पुलिस-प्रशासन, बैंक अधिकारी, पत्रकार और अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए. इस कार्यक्रम की शुरुआत संघ के वार्षिक चुनाव से हुई. चुनाव सर्वसम्मति व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया गया, जिसमें सत्येंद्र साव को निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित किया गया. रामगोपाल प्रसाद को उपाध्यक्ष चुना गया. सचिव पद के लिए सतीश साव, गणेश साव, बिनोद साव व आकाश कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गयी. लक्ष्मण चौहान को मुख्य संरक्षक तथा कृष्णा प्रसाद को मुख्य सलाहकार बनाया गया है. इसके साथ ही संगठन को और मजबूत करने के उद्देश्य से सुरेश साव, रौशन कुमार, राजेश साव, महेंद्र लाल, विजय साव, शंभू साव, नरेश साव, श्यामसुंदर साव समेत अन्य सदस्यों को भी विभिन्न दायित्वों में जगह दी गयी. चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद उपस्थित व्यवसायियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी. इसके बाद संघ के पदाधिकारियों की ओर से गत वर्ष का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया. लेखा-जोखा के माध्यम से संघ की आर्थिक स्थिति, कार्यों एवं आगामी योजनाओं की जानकारी दी गयी. इस दौरान सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर एसडीपीओ राकेश कुमार भास्कर, प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष पौरुष अग्रवाल, पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक व ग्रामीण बैंकों के शाखा प्रबंधक, स्थानीय पत्रकार और अन्य गणमान्य लोगों को फूल-माला, डायरी व पेन देकर सम्मानित किया गया. मौके पर व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं भी रखीं. बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, नियमित गश्ती बढ़ाने तथा पकरीबरावां बाजार में लगने वाले जाम की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की गयी. बैंक शाखा प्रबंधकों से व्यवसायियों के लिए सरल ऋण सुविधा, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार एवं अन्य बैंकिंग सुविधाओं को सहज बनाने की मांग रखी गयी. इसमें एसडीपीओ राकेश कुमार भास्कर ने कहा कि व्यवसायियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और किसी भी समस्या पर त्वरित कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने बाजार में शांति व्यवस्था बनाये रखने में सभी से सहयोग की अपील की. प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष पौरुष अग्रवाल ने ऑनलाइन पेमेंट व साइबर ठगी को लेकर व्यवसायियों को जागरूक किया. उन्होंने कहा कि डिजिटल पेमेंट के दौरान अत्यधिक सतर्कता बरतना जरूरी है. किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी को साझा नहीं करें. ठगी की आशंका होने पर तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें. दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की नसीहत उन्होंने दुकानदारों की सुरक्षा के मद्देनजर अपनी दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की नसीहत दी. कहा कि इससे दुकान पर आने-जाने वाले अपराधी किस्म के लोगों की पहचान आसान होगी और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगेगा. अध्यक्ष सत्येंद्र साव ने कहा कि संघ की मजबूती उनकी पहली प्राथमिकता है. उन्होंने सामाजिक कार्यों में भी संघ की सक्रिय भूमिका पर बल दिया. साथ ही संघ भवन के विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहरायी. कहा कि जल्द ही संघ भवन को दो मंजिला बनाने का लक्ष्य रखा गया है. इस अवसर पर ईश्वरी साव उर्फ साधु जी सहित कई अन्य उपस्थित रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
VISHAL KUMAR

लेखक के बारे में

By VISHAL KUMAR

VISHAL KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन