नवादा: रजौली अनुमंडलीय अस्पताल में अत्याधुनिक डायलिसिस केंद्र शुरू, अब किडनी मरीजों को मिलेगी मुफ्त सुविधा

Author Kr manish dev|Edited by Vivek Ranjan
Updated:
विज्ञापन
फोटो :-1. डायलिसिस केंद्र का उद्घाटन करते मुख्य पार्षद अध्यक्षा एव सीएस व अन्य    2. डायलिसिस बेड के समीप मुख्य पार्षद, चिकित्सक, भाजपा कार्यकर्ता | Prabhat Khabar Network

डायलिसिस बेड के समीप मुख्य पार्षद, चिकित्सक, भाजपा कार्यकर्ता

रजौली अनुमंडलीय अस्पताल में अत्याधुनिक डायलिसिस केंद्र का उद्घाटन हुआ है। इससे स्थानीय और सीमावर्ती क्षेत्रों के किडनी मरीजों को बेहतर और मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। अब इलाज के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

विज्ञापन

Nawada News: रजौली नगर पंचायत मुख्यालय स्थित 75 शैय्या अनुमंडलीय अस्पताल की दूसरी मंजिल पर नवनिर्मित अत्याधुनिक डायलिसिस केंद्र का बुधवार को मुख्य पार्षद मानती देवी एवं सिविल सर्जन डॉ. विनोद कुमार ने संयुक्त रूप से उद्घाटन किया. केंद्र के शुरू होने से रजौली सहित आसपास के सीमावर्ती और अति पिछड़े क्षेत्रों के किडनी मरीजों को अब इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों या निजी अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा.

मुख्यमंत्री की पहल से स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार

उद्घाटन के अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. विनोद कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है. इसी कड़ी में सीमावर्ती क्षेत्रों के मरीजों तक बेहतर चिकित्सा सुविधा पहुंचाने के उद्देश्य से इस डायलिसिस केंद्र की शुरुआत की गई है. उन्होंने इसे जनहित में सरकार की महत्वपूर्ण पहल बताया.

पात्र मरीजों को मिलेगी नि:शुल्क डायलिसिस सुविधा

डायलिसिस केंद्र में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय डायलिसिस कार्यक्रम के तहत पात्र मरीजों को नि:शुल्क इलाज की सुविधा मिलेगी. इसके लिए मरीजों को चिकित्सक की लिखित सलाह, आधार कार्ड और राशन कार्ड प्रस्तुत करना होगा.

सिविल सर्जन ने बताया कि जिन मरीजों का राशन कार्ड फिलहाल सक्रिय नहीं है, उन्हें पहले इसे सक्रिय कराने की सलाह दी जाएगी. तब तक ऐसे मरीजों से प्रति डायलिसिस 1,878 रुपये का न्यूनतम शुल्क लिया जाएगा, जो निजी अस्पतालों की तुलना में काफी कम है.

तीन बेड की व्यवस्था, हर महीने आएंगे किडनी विशेषज्ञ

डायलिसिस केंद्र का संचालन प्रतिदिन सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगा. फिलहाल केंद्र में तीन बेड उपलब्ध हैं, जहां एक समय में तीन मरीजों का डायलिसिस किया जा सकेगा. एक मरीज के डायलिसिस में लगभग चार घंटे का समय लगने के कारण मरीजों का इलाज शिफ्ट के अनुसार किया जाएगा.

अस्पताल में डॉ. संतोष कुमार को स्थायी रूप से प्रतिनियुक्त किया गया है. वहीं प्रसिद्ध किडनी विशेषज्ञ डॉ. कुणाल प्रत्येक माह के चौथे शनिवार को दोपहर 12 बजे से ओपीडी में मरीजों का परामर्श एवं उपचार करेंगे.

आधुनिक आरओ प्लांट और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी

केंद्र में मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक आरओ प्लांट लगाया गया है, जिससे डायलिसिस के लिए उपयोग होने वाले पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके. हार्डनेस और टीडीएस जैसे सभी मानकों को नियंत्रित रखने की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा प्रशिक्षित तकनीशियन और जीएनएम की भी तैनाती की गई है, ताकि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा मिल सके.

उद्घाटन समारोह में कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

उद्घाटन समारोह में ऑपरेशन मैनेजर अभिषेक कुमार राय, डायलिसिस प्रभारी कृष्ण सैनी, जीएनएम अमरेश कुमार, प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. दिलीप कुमार, डॉ. श्यामनंदन प्रसाद, डॉ. सूरज कुमार, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि प्रमोद चंद्रवंशी, भाजपा जिला महामंत्री गौरव शांडिल्य, भाजपा युवा जिला मंत्री सुजीत कुमार, भाजपा कार्यकारिणी सदस्य अमित कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

Also Read: बिहार में ऑनलाइन जुआ खेलने वालों की अब खैर नहीं, विधानसभा से नया कानून पास, दूसरी बार पकड़े गए तो 2 साल की सजा


विज्ञापन
Kr Manish Dev

लेखक के बारे में

By Kr Manish Dev

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन