नवादा : जीत-हार नहीं, बदलाव का संदेश, फुटबॉल के जरिए बच्चों को सिखाया टीमवर्क और समानता
मैदान में फुटबॉल खेलते बच्चे
रजौली के अमवां में फुटबॉल टूर्नामेंट के जरिए बच्चों में टीमवर्क, नेतृत्व और लैंगिक समानता का संदेश दिया गया। खेल से बदलाव की यह मुहिम बनी मिसाल।
प्रतिनिधि, रजौली. रजौली प्रखंड के अमवां में खेल को सामाजिक बदलाव का माध्यम बनाते हुए एक अनूठी पहल की गई. दिल्ली की युवा संस्था 'टीमअप फॉर ट्रांसफॉर्मेशन' ने इंटर स्कूल अमवां में फुटबॉल टूर्नामेंट आयोजित कर बच्चों को टीमवर्क, संवाद, नेतृत्व और लैंगिक समानता का संदेश दिया. आयोजन से पहले 'स्पोर्ट फॉर डेवलपमेंट' कार्यक्रम के तहत इंटर स्कूल के कक्षा 9वीं से 12वीं और मिडिल स्कूल के कक्षा 6वीं से 8वीं तक के छात्र-छात्राओं को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया.
जीत-हार नहीं, सीख और सहयोग रहा उद्देश्य
टूर्नामेंट में इंटर स्कूल की कुल आठ टीमों ने भाग लिया. इनमें चार बालिका और चार बालक टीम शामिल थीं. आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि किसी भी टीम को विजेता या उपविजेता घोषित नहीं किया गया. आयोजकों ने स्पष्ट किया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बच्चों में सहयोग, संवाद और सकारात्मक सोच विकसित करना है.
बालिकाओं का बढ़ाया उत्साह, बनी मिसाल
फुटबॉल मैच के दौरान सबसे प्रेरक दृश्य तब देखने को मिला, जब बालिका टीमों के मुकाबले के समय बालक खिलाड़ी स्टैंड में बैठकर तालियां बजाते हुए उनका उत्साह बढ़ा रहे थे. खेल के मैदान पर सम्मान, समानता और सहयोग की यह तस्वीर सभी के लिए प्रेरणा का केंद्र बनी.
स्कूल प्रशासन और स्थानीय लोगों का मिला सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में इंटर स्कूल के प्रधानाचार्य शशिभूषण कुमार, मिडिल स्कूल के प्रधानाचार्य सुबोध कुमार, पीटी शिक्षक प्रभात कुमार लल्लन सहित अन्य शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. स्थानीय लोगों और हितधारकों ने भी कार्यक्रम में मौजूद रहकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया.
युवाओं की पहल से आगे बढ़ेगा 'खेल से बदलाव' अभियान
'टीमअप फॉर ट्रांसफॉर्मेशन' तीन युवा लड़कियों द्वारा शुरू की गई एक गैर-वित्तपोषित संस्था है. संस्था का उद्देश्य खेल के माध्यम से बच्चों में जीवन कौशल, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करना है. आयोजकों ने बताया कि अमवां से शुरू हुआ 'खेल से बदलाव' अभियान आने वाले दिनों में अन्य स्कूलों तक भी पहुंचाया जाएगा, ताकि बच्चे केवल अच्छे खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि बेहतर नागरिक भी बन सकें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










