नवादा: मेसकौर में सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल का शुभारंभ, ग्रामीण बच्चों को मिलेगी आधुनिक शिक्षा की सुविधा

Author Vishal kumar|Edited by Vivek Ranjan
Updated:
विज्ञापन
उद्घाटन करते  अधिकारी | Prabhat Khabar Network

उद्घाटन करते अधिकारी | Prabhat Khabar Network

मेढ़कुरी में सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) का विधिवत शुभारंभ किया गया है. इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को अब स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी. 16 शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है.

विज्ञापन

Nawada News: मेसकौर प्रखंड क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में रविवार को एक नई शुरुआत हुई. मेढ़कुरी स्थित राजेंद्र स्मारक शिक्षण संस्थान परिसर में सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) का विधिवत शुभारंभ किया गया. इस पहल से अब ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी.

विद्यालय उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और छात्र-छात्राएं शामिल हुए. कार्यक्रम का उद्घाटन जिला कल्याण पदाधिकारी राजीव नयन, प्रखंड विकास पदाधिकारी अश्वनी कुमार, जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र राजवंशी, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता एवं समाजसेवी सर्वजीत शांडिल्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सत्येंद्र कुमार ने की, जबकि मंच संचालन शिक्षक हरिश्चंद्र प्रसाद ने किया.

ग्रामीण बच्चों को मिलेगी बेहतर शिक्षा व्यवस्था

मुख्य अतिथि जिला कल्याण पदाधिकारी राजीव नयन ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी शहरों जैसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है. मॉडल स्कूल में विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण पद्धति, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के अनुरूप मार्गदर्शन दिया जाएगा.

उन्होंने कहा कि प्रयास किया जाएगा कि बच्चों को उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बाहर जाने की जरूरत कम पड़े. उन्होंने बताया कि फिलहाल विद्यालय में प्रशिक्षित शिक्षक शिक्षण कार्य संभालेंगे, जबकि आगे चलकर मॉडल स्कूल के लिए अलग से शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी.

नियमित विद्यालय आने की अपील

प्रखंड विकास पदाधिकारी अश्वनी कुमार ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की. उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का लाभ तभी मिलेगा, जब विद्यार्थी नियमित अध्ययन करेंगे और अनुशासन का पालन करेंगे.

16 शिक्षकों को मिला विशेष प्रशिक्षण

विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सत्येंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम चरण में कक्षा नौवीं के 40 विद्यार्थियों का नामांकन किया गया है. इन विद्यार्थियों की बेहतर पढ़ाई के लिए विद्यालय के 16 शिक्षकों को पटना में पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण दिया गया है.

उन्होंने कहा कि मॉडल स्कूल के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.

समारोह में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही. मॉडल स्कूल की शुरुआत से मेसकौर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को लेकर नई उम्मीद जगी है.

इसे भी पढ़ें: बंटी यादव मर्डर केस: पीड़ित परिवार से मिले खेसारी लाल यादव, बोले- पुलिस असली तस्करों को नहीं पकड़ पाती


विज्ञापन
Vishal Kumar

लेखक के बारे में

By Vishal Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन