नवादा: जिले में पशु बीमा योजना को रफ्तार, अब तक 289 दुधारू पशुओं का हुआ बीमा

राकेश कुमार निराला, जिला गव्य पदाधिकारी, नवादा | Prabhat Khabar Network
नवादा में दुधारू पशुओं के लिए एक बेहतरीन बीमा योजना शुरू की गई है। मात्र ₹288.75 के प्रीमियम पर आप अपने पशु का ₹50,000 तक का बीमा करा सकते हैं। यह योजना पशुपालकों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने और पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए है।
Nawada News: गव्य विकास विभाग द्वारा संचालित पशु बीमा योजना के तहत जिले में दुधारू पशुओं का बीमा तेजी से किया जा रहा है. अब तक जिले के 289 दुधारू पशुओं का बीमा कराया जा चुका है. योजना के तहत 50 हजार रुपये तक का बीमा बेहद कम लागत पर उपलब्ध कराया जा रहा है. राज्य सरकार के सात निश्चय-2 कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित इस योजना का उद्देश्य पशुपालकों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना और पशुपालन को बढ़ावा देना है.
मात्र 288.75 रुपये में मिलेगा 50 हजार तक का बीमा
योजना के तहत पशु बीमा का कुल प्रीमियम 1,155 रुपये निर्धारित है. इसमें से पशुपालक को केवल 288.75 रुपये का भुगतान करना होगा, जबकि शेष 75 प्रतिशत प्रीमियम राशि सरकार वहन करेगी. बीमित पशु की बीमारी, दुर्घटना या अन्य कारणों से मृत्यु होने पर निर्धारित शर्तों के अनुसार बीमा राशि का भुगतान किया जाएगा.
आर्थिक सुरक्षा का प्रभावी माध्यम
जिला गव्य पदाधिकारी राकेश कुमार निराला ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में किसान और पशुपालक अपनी आजीविका के लिए दुधारू पशुओं पर निर्भर हैं. ऐसे में किसी पशु की आकस्मिक मृत्यु होने पर परिवार की आय प्रभावित होती है. पशु बीमा योजना इस आर्थिक जोखिम को कम करने का प्रभावी माध्यम है और इससे पशुपालकों को बड़ी राहत मिलती है.
आईसीआईसीआई लोम्बार्ड कर रही बीमा
विभागीय जानकारी के अनुसार जिले में आईसीआईसीआई लोम्बार्ड के माध्यम से पशुओं का बीमा किया जा रहा है. इच्छुक पशुपालक पशुपालन विभाग या जिला गव्य विकास कार्यालय से संपर्क कर अपने दुधारू पशुओं का बीमा करा सकते हैं.
289 पशुओं का हो चुका है बीमा
जिले में अब तक कुल 289 पशुओं का बीमा किया जा चुका है. विभाग का लक्ष्य अधिक से अधिक पशुपालकों को इस योजना से जोड़कर उन्हें आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है.
जागरूकता अभियान भी जारी
जिला गव्य पदाधिकारी राकेश कुमार निराला ने बताया कि विभाग की ओर से पशुपालकों को योजना की जानकारी देने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है. उन्होंने अधिक से अधिक किसानों से अपने दुधारू एवं अन्य पात्र पशुओं का बीमा कराने की अपील की. उनके अनुसार यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और पशुपालन व्यवसाय को सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. योजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए पशुपालक अपने निकटतम पशु चिकित्सालय या जिला गव्य विकास कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं.
इसे भी पढ़ें: बंटी यादव मर्डर केस: पीड़ित परिवार से मिले खेसारी लाल यादव, बोले- पुलिस असली तस्करों को नहीं पकड़ पाती
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










