नवादा: 44 वर्षों से जारी है मां दुर्गा की पूजा, इस बार मंदिरनुमा पंडाल बनेगा आकर्षण का केंद्र

Updated:
विज्ञापन

पंडाल की फोटो | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

हाट स्थित हनुमान मंडप में मां दुर्गा पूजा समिति 44 वर्षों से निरंतर पूजा का आयोजन कर रही है. इस वर्ष श्रद्धालुओं को नौ रूपों में मां के दर्शन होंगे और नवादा के कारीगरों द्वारा निर्मित भव्य मंदिरनुमा पंडाल आकर्षण का केंद्र बनेगा.

विज्ञापन

हॉस्पिटल रोड हाट स्थित हनुमान मंडप में मां दुर्गा पूजा समिति की ओर से दुर्गापूजा को लेकर भव्य तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं. श्री दुर्गा पूजा समिति हनुमान मंडप हॉस्पिटल रोड हाट के कोषाध्यक्ष नीरज भगत ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी माता की स्थापना की जा रही है. इस वर्ष श्रद्धालुओं को मां दुर्गा के नौ रूपों में दर्शन होंगे. 11 अक्टूबर को कलश स्थापना के साथ माता की प्रथम पूजा की गयी.

विज्ञापन

44 वर्षों से निरंतर हो रही मां दुर्गा की स्थापना

वर्ष 1982 में पहली बार हाट स्थित मंदिर में मां दुर्गा की स्थापना की गयी थी. इसके बाद से लगातार माता दुर्गा की स्थापना की जा रही है. मोहल्लेवासियों के सहयोग से पिछले 44 वर्षों से लगातार पूजा का आयोजन किया जा रहा है. पूजन-पाठ को लेकर मोहल्लेवासियों और समिति के सदस्यों में काफी उत्साह है. इस वर्ष भी पूजा को लेकर समिति की ओर से व्यापक तैयारियां और बैठकों का दौर जारी है.

समिति के कोषाध्यक्ष नीरज भगत ने बताया कि इस वर्ष माता के लिए मंदिरनुमा भव्य पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है. पंडाल और मंदिर परिसर के चारों ओर रंग-बिरंगी लाइट लगायी जाएगी. अस्पताल गेट से लेकर प्रजातंत्र चौक तक भी रंग-बिरंगी लाइट से सजावट की जाएगी. भव्य पंडाल, सजावट और लाइटिंग श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी.

माता की प्रथम पूजा से नवमी पूजा तक प्रतिदिन शाम सात बजे माता का प्रसाद वितरण करने की परंपरा है. इस वर्ष भी महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा. समिति के सभी सदस्य पूरे उत्साह के साथ पूजन-पाठ की तैयारी में जुट गये हैं.

दुर्गापूजा को लेकर समिति कर रही तैयारी

मां दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारी और सदस्य पूजन-पाठ को लेकर तैयारियों में जुटे हुए हैं. दुर्गापूजा को लेकर समिति के सदस्यों की बैठक आयोजित की जा रही है. बैठकों में पूजा को लेकर कई अहम निर्णय लिये गये हैं. सुरक्षा के दृष्टिकोण से पंडाल के चारों तरफ सीसीटीवी कैमरे लगाये जाएंगे.

समिति के अध्यक्ष किसान जी, उपाध्यक्ष संजू जैन, सचिव अनूप कुमार, कोषाध्यक्ष नीरज भगत, विनय कुमार, संरक्षक अजय राज, छोटू कुमार के साथ समिति के सदस्य रोहित, दीपक, सोनू, विकास, छोटू व अन्य सदस्य तैयारियों में जुटे हैं.

नवरात्र में भजन-कीर्तन के साथ होगा पाठ

मंदिर के मुख्य पुजारी नंदलाल पांडेय ने बताया कि माता की पूजा पिछले 44 वर्षों से निरंतर की जा रही है. हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी माता की पूजा पूरे हिंदू रीति-रिवाज और हर्षोल्लास के साथ मनायी जाएगी. मुख्य यजमान के रूप में निवास जी और पंकज होंगे.

उन्होंने बताया कि माता का दरबार सभी भक्तों के लिए खुला रहेगा. नवरात्र के दिनों में माता के दरबार में निरंतर पाठ के साथ भजन-कीर्तन भी होता रहेगा. मुख्य पुजारी ने कहा कि मंदिर में आने वाले सभी भक्तों की मनोकामना पूर्ण होती है.

नवादा के कारीगर बनाएंगे भव्य पंडाल

मां दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष ने बताया कि इस वर्ष भव्य पंडाल और मूर्ति का निर्माण नवादा के कारीगरों द्वारा कराया जा रहा है. हाट पर पंडाल में माता की प्रतिमा, भव्य पंडाल और रंग-बिरंगी लाइटिंग श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी.

मंदिर समिति की ओर से हाट से लेकर प्रजातंत्र चौक, दुर्गा मंडप से जेल रोड और दुर्गा मंडप से अस्पताल तक सजावट की जाएगी.

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी

मां दुर्गा पूजा समिति की ओर से दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए समुचित व्यवस्था की जा रही है. समिति के अनुसार प्रतिवर्ष लाखों की संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए आते हैं. सुरक्षा की दृष्टि से पंडाल के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाये जा रहे हैं. श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर समिति के सदस्यों की ओर से भी विशेष इंतजाम किये जा रहे हैं.

पूजा-पाठ व अन्य मद पर खर्च होंगे 4.5 लाख रुपये

मां दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष किसान जी ने बताया कि माता की पूजा को लेकर मूर्ति निर्माण सहित अन्य कार्य शुरू हो चुके हैं. इस वर्ष पूजन-पाठ व अन्य मद पर 4.5 लाख रुपये खर्च किये जाएंगे. यह राशि मूर्ति, सजावट, पंडाल निर्माण, लाइटिंग, प्रसाद समेत अन्य मद में खर्च होगी.

उन्होंने बताया कि पूजन-पाठ में खर्च होने वाली संपूर्ण राशि मोहल्लेवासियों के सहयोग से संग्रहित की जाती है. मोहल्ले में जिन लोगों की नौकरी है, वे भी बढ़-चढ़कर पूजा में सहयोग करते हैं. समिति के सदस्य मोहल्ले में घूम-घूमकर राशि संग्रह करते हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन