दरियापुर बालूघाट पर फिर वर्चस्व की लड़ाई शुरू
Updated at : 26 Mar 2017 3:33 AM (IST)
विज्ञापन

दुस्साहस. बालूघाट के संचालक ने दी टेंडर वापस करने की धमकी बालू कारोबार पर पकड़ मजबूत करने के लिए हो रहा खूनी खेल नये आपराधिक गिरोह की सक्रियता से लोगों में दहशत नवादा : जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र स्थित दरियापुर बालू घाट की चर्चा एक बार फिर जोरों पर है. चर्चा का मुख्य कारण […]
विज्ञापन
दुस्साहस. बालूघाट के संचालक ने दी टेंडर वापस करने की धमकी
बालू कारोबार पर पकड़ मजबूत करने के लिए हो रहा खूनी खेल
नये आपराधिक गिरोह की सक्रियता से लोगों में दहशत
नवादा : जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र स्थित दरियापुर बालू घाट की चर्चा एक बार फिर जोरों पर है. चर्चा का मुख्य कारण छह महीने में एक नये आपराधिक गिरोह द्वारा तीन बार गोलीबारी की घटना को अंजाम देना है. इसके बावजूद स्थानीय प्रशासन चैन की नींद ले रहा है. यही कारण है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पायी है.
कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों का मनोबल सातवें आसमान पर है. काफी समय से इस बालू घाट का रिश्ता विवादों से रहा है. बालू घाट पर वर्चस्व को लेकर वर्षों पूर्व अखिलेश सिंह व अशोक माहतो गिरोह के बीच कई बार खूनी खेल भी हो चुके हैं. इसमें कई स्थानीय निर्दोष लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी. इसके बाद स्थानीय लोगों ने इस बालू घाट की लीज रद्द करने की मांग की थी.
आमलोगों की मांग व गहराते विवाद को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी दरियापुर बालू घाट की लीज रद्द करने की घोषणा की थी. कई साल तक इस बालू घाट का टेंडर जारी नहीं हुआ था. इसके बाद बालू घाट को लेकर मामला पूरी तरह शांत हो चुका था. मामला जब ठंडा पड़ा, तो उक्त घाट के लिए दोबारा टेंडर जारी की गयी. कुछ महीनों तक सबकुछ ठीकठाक रहा, लेकिन आमदनी देख अपराधियों के गिरोह फिर सक्रिय हो गये हैं.
लोगों का कहना है कि पुलिस व प्रशासनिक महकमा अगर सक्रिय नहीं हुआ तो दोबारा खूनी संघर्ष शुरू हो जायेगा. उक्त बालू घाट पर पकड़ बनाने को लेकर हाल के दिनों में कई हिंसक वारदातें हो चुकी हैं. थाना कांड संख्या 258/16 दिनांक 4 नवंबर 2016 व 273/16 दिनांक 17नवंबर 2016 भी बालू घाट पर वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम था. इसके अलावा दो दिन पूर्व गोलीबारी व जेसीबी अर्थमूवर जलाने की घटना भी हो चुकी है. वर्चस्व को लेकर ही हाल में रैक प्वाइंट पर बमबारी की घटना भी सामने आयी थी.
गोलीबारी में प्राथमिकी दर्ज
शुक्रवार को बालूघाट पर एक बार फिर अपराधियों ने अपनी मौजूदगी दर्ज करायी. इससे संचालक जय माता दी इंटरप्राइजेज और इससे जुड़े लोग सहमे हुए हैं. संचालक ने कहा है कि प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किये, तो वे टेंडर वापस कर सकते हैं. ऐसे में जिले में बालू कारोबार के बड़े घाट पर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. हालांकि शुक्रवार की घटना को लेकर स्थानीय थाने में दो नामजद सहित 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. इनमें वारिसलीगंज के चैनपुरा निवासी नवीन सिंह और मसनखावां के बिंदू यादव शामिल हैं. यह प्राथमिकी बालूघाट पर काम कर रहे मुंशी माफी गांव निवासी किशोरी सिंह के पुत्र बमबम सिंह के आवेदन पर दर्ज की गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




