शहर में जाम में रेंगते रहे वाहन पैदल भाग कर पहुंचे परीक्षार्थी
Updated at : 03 Mar 2017 8:22 AM (IST)
विज्ञापन

कंट्रोल रूम सक्रियता के साथ कर रहा काम नवादा नगर : मैट्रिक परीक्षा को लेकर प्रशासनिक सख्ती का असर दिख रहा है. परीक्षार्थियों को केंद्र पर पहुंचाने के बाद पांच सौ गज की दूरी के बाद ही अभिभावक नजर आ रहे है. हालांकि गेट पर जांच के बाद परीक्षा केंद्र के अंदर पहुंचने पर कई […]
विज्ञापन
कंट्रोल रूम सक्रियता के साथ कर रहा काम
नवादा नगर : मैट्रिक परीक्षा को लेकर प्रशासनिक सख्ती का असर दिख रहा है. परीक्षार्थियों को केंद्र पर पहुंचाने के बाद पांच सौ गज की दूरी के बाद ही अभिभावक नजर आ रहे है. हालांकि गेट पर जांच के बाद परीक्षा केंद्र के अंदर पहुंचने पर कई परीक्षा केंद्रों में बाहर से दीवार या खिड़की के माध्यम से चिट पुरजे आदि पहुंचाने की घटना परीक्षा शुरू होने के पहले तक होते दिखती है.
गुरुवार को परीक्षा के लिए सुबह से ही डीएम, एसपी सहित अन्य वरीय अधिकारी पुरी मुस्तैदी के साथ एक परीक्षा केंद्र से दूसरे परीक्षा केंद्रों तक चक्कर लगाते दिखे. गणित की परीक्षा के पहली पाली में चार नकलचियों को पकड़ा गया. कन्या मध्य विद्यालय रजौली परीक्षा केंद्र से पूजा कुमारी, विवेकानंद पब्लिक स्कूल नवादा से शुभी कुमारी व इंटर स्कूल माफी से अश्विनी कुमार व नीतीश कुमार को नकल करते हुए पकड़ा गया. परीक्षा से निष्कासित किये जाने के साथ ही इनसे जुर्माना भी वसूल किया गया.
जाम बना परेशानी का कारण
मैट्रिक की परीक्षा ने जिला मुख्यालय की सड़कों की रफ्तार को रोक कर रख दिया है. परीक्षा शुरू होने के पहले तो किसी तरह से भीड़ हो संभाला जा रहा है, लेकिन पहली पाली की परीक्षा समाप्त होने और दूसरी पाली की परीक्षा शुरू होने के पहले जाम की हालात सबसे अधिक खराब हो जाती है. नगर के प्रजातंत्र चौक से लेकर खुरी नदी पूल तक इंदिरा चौक, भगत सिंह चौक आदि के पास तो घंटों जाम का सामना करना पड़ रहा है. इसके अलावे तीन नंबर बस स्टैंड जाने के लिए रेलवे गुमटी बंद रहने पर हालात और भी अधिक खराब हो जाती है. परीक्षा समाप्त होने के समय ही गया-हावड़ा एक्सप्रेस के गुजरने का समय होता है.
इस कारण जाम सबसे अधिक परेशानी का सबब बन जाता है. इस क्षेत्र में कन्हाई स्कूल, केएलएस कॉलेज, डॉ गंगा रानी सिन्हा कॉलेज, जीवन ज्योति पब्लिक स्कूल पटवासराय आदि परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए परीक्षार्थी पैदल भी इस रास्ते को पार नहीं कर पाते हैं.
कुछ इसी प्रकार की स्थिति भगत सिंह चौक के पास बनती है. प्रोजेक्ट कन्या इंटर स्कूल, अभ्यास मध्य विद्यालय, ज्ञान भारती स्कूल, जीवन ज्योति पब्लिक स्कूल नवीननगर आदि परीक्षा केंद्रों से निकलने वाली भीड़ इसके अलावे विवेकानंद पब्लिक स्कूल, मानस भारती एजुकेशनल कंपलेक्स गंगटी, दिल्ली पब्लिक स्कूल आदि परीक्षा केंद्रों से आने भीड़ के साथ पटना बिहार जाने आनेवाले बसों के आवागमन इस रोड को सबसे अधिक प्रभावित करती हैं. जाम के कारण परीक्षार्थियों को पैदल व दौड़ कर जाने को विवश हुए. बस चालकों की मनमानी के कारण जाम की समस्या और भी बढ़ जाती है.
अधिकारी रहे सक्रिय परीक्षा को लेकर डीएम मनोज कुमार, एसपी विकास बर्मन, सदर एसडीओ राजेश कुमार सहित सभी आलाधिकारी पूरी मुस्तैदी के साथ कदाचारमुक्त परीक्षा के लिए सक्रिय दिखे. नगर के गांधी इंटर स्कूल, आरएम डब्ल्यू कॉलेज आदि परीक्षा केंद्रों पर अधिकारियों ने जाकर जांच की. दोनों पालियों में परीक्षा होने के कारण अधिकारियों की परेशानी भी बढ़ी रहती है. 25 हजार 409 परीक्षार्थियों में से 24 हजार 868 परीक्षार्थी पहले दिन की परीक्षा में शामिल हुए, शेष 541 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे.
रुपये निकालने को लेकर हंगामा
हाइस्कूल, केंदुआ परीक्षा केंद्र पर होमगार्ड द्वारा जांच के दौरान पॉकेट से रुपये निकाल लेने का आरोप परीक्षार्थियों ने लगाते हुए हंगामा किया. परीक्षार्थी अर्जुन कुमार, मनीष कुमार, शिवम कुमार, राहुल कुमार, विवेक कुमार, अविनाश कुमार आदि ने कहा कि गेट पर जांच के नाम पर होमगार्ड के जवान पॉकेट से रुपये निकाल लेते हैं. मना करने पर डंडे का भय दिखाया जाता है. अधिकारियों ने इसे संज्ञान में लेकर परीक्षार्थियों को शांत करा कर परीक्षा शुरू करवाया.
बाल कैदी दे रहा परीक्षा
इंटर विद्यालय, हिसुआ में परीक्षा देनेवालों में बाल कैदी के रूप में सजा काट रहा राजेश कुमार भी शामिल है. उत्क्रमित इंटर विद्यालय, पछियाडीह से परीक्षा फाॅर्म भरनेवाले राजेश कुमार आम परीक्षार्थियों के साथ सजा काटने के क्रम में मैट्रिक की परीक्षा दे रहा है. परीक्षा केंद्र पर बाल कैदी के लिए अतिरिक्त व्यवस्था की गयी है.
परीक्षार्थियों की तबीयत हुई खराब
परीक्षा के दौरान तबीयत खराब होनेवाले परीक्षार्थियों को इलाज कराने में भी प्रशासन की तत्पतरता दिख रही है. परीक्षा केंद्र से बीमार परीक्षार्थी की सूचना मिलने के साथ ही कंट्रोल रूम में कार्यरत डॉक्टर व स्वास्थ्यकर्मी परीक्षार्थी के इलाज के लिए पहुंच रहे हैं. एसकेएम कॉलेज परीक्षा केंद्र पर विशुनपुर गांव का छात्र राहुल कुमार परीक्षा देने के क्रम में बेहोश हो गया, उसे तत्काल इलाज के लिए एंबुलेंस से भेजा गया. ज्ञान भारती परीक्षा केंद्र पर बीमार छात्रा को प्राथमिक उपचार के बाद भी स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ, तो सदर अस्पताल में भरती कराया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




