चहारदीवारी पर लगी ग्रिल लगेंगे सीसीटीवी कैमरे भी

Updated at : 31 Aug 2016 6:02 AM (IST)
विज्ञापन
चहारदीवारी पर लगी ग्रिल लगेंगे सीसीटीवी कैमरे भी

वृद्ध व दिव्यांगों के लिए भी रैंप की व्यवस्था नवादा कार्यालय : व्यवहार न्यायालय नवादा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम अब दिखने लगे हैं. राज्य के आरा सहित सासाराम कोर्ट में हुए हादसों से सबक लेते हुए जिले के व्यवहार न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था भी दुरुस्त की गयी है. उत्तरी-पूर्वी कोने सहित अन्य जगहों पर […]

विज्ञापन
वृद्ध व दिव्यांगों के लिए भी रैंप की व्यवस्था
नवादा कार्यालय : व्यवहार न्यायालय नवादा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम अब दिखने लगे हैं. राज्य के आरा सहित सासाराम कोर्ट में हुए हादसों से सबक लेते हुए जिले के व्यवहार न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था भी दुरुस्त की गयी है. उत्तरी-पूर्वी कोने सहित अन्य जगहों पर चहारदीवारी की कम ऊंचाई, महिला हाजत के पीछे की चहारदीवारी में लोहे की ग्रिल व संसाधनों की कमी से जूझते कोर्ट परिसर में सुरक्षा को लेकर कई प्रबंध किये गये हैं. विगत दो माह में सुरक्षाकर्मियों को नये तकनीकी संसाधन मुहैया कराये गये हैं. साथ ही ग्रिल लगाकर लोहे के कंटीली तार की फेंसिंग कर चहारदीवारी को भी ऊंचा किया गया है. वृद्ध, दिव्यांग जैसे नि:शक्त लोगों के लिए न्यायालय भवन के मुख्य द्वार के पास ही रैंप बनाया गया है. इससे ऐसे लोगों को भवन में जाने की सुविधा होगी.
तत्काल कार्रवाई के लिए दो वॉकी-टॉकी : सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए कोर्ट प्रभारी नरेश पासवान को दो वॉकी टॉकी उपलब्ध कराया गया. वकीलों व मुवकिल्लों के आने-जानेवाले द्वार पर तैनात सुरक्षा प्रभारी व हाजत के पास ड्यूटी पर तैनात कोर्ट प्रभारी इस आधुनिक संवाद यंत्र से सुरक्षा पर पैनी निगाह बनाये रखते हैं. दोनों वॉकी-टॉकी 10 किमी की रेंज में काम करेंगे. इस रेंज में आनेवाले पैंथर्स मोबाइल व विभिन्न थानों की वॉकी-टॉकी से ये अधिकारी लगातार जुड़े रहेंगे. नगर थाने के कंट्रोल रूम से जुडी ये वॉकी-टॉकी किसी भी अप्रिय घटना पर तत्काल कार्रवाई के लिए उपयोग की जा सकेगी. कोर्ट परिसर के पल-पल की प्रत्येक गतिविधि से पुलिस महकमा अवगत रह सकेगा.
बनाये गये हैं दो पुलिस मोरचे :
बाहरी व्यक्तियों व बंदियों की सुरक्षा सहित निगरानी के लिए कोर्ट परिसर में दो पुलिस मोरचा बनाया गया है. मुख्य गेट व परिसर के उत्तरी-पूर्वी कोने के पास बोरे में बालू भरकर मोरचा तैयार किया गया हैं. मोर्चे पर सशस्त्र पुलिसकर्मी की तैनाती की गयी है. अस्थाई तौर से बनाये गये मोर्चे को जल्द ही स्थायी किया जाना है. परिसर के उत्तरी-पूर्वी कोने पर लगे चहारदीवारी की कम ऊंचाई को देखते हुए यहां सुरक्षाकर्मियों की तैनाती से महिला व पुरुष हाजत की विशेष निगरानी भी रखी जा सकेगी.
कंटीली तार लगा कर बढ़ायी गयी ऊंचाई : चहारदीवारी की कम ऊंचाई को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार उंगली उठायी जाती थी. महिला हाजत के पीछे की चहारदीवारी पर वर्षों से ग्रिल नहीं लग पाया था. इस कमी को भी दूर किया गया. कोर्ट के पिछवाड़े की चहारदीवारी पर लोहे की ग्रिल लगायी गयी है. चहारदीवारी की ऊंचाई को बढ़ाने व सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के दृष्टिकोण से कंटीली तारों की फेंसिंग की गयी है. इससे किसी भी व्यक्ति को चहारदीवारी फांद कर भागना काफी मुश्किल होगा.
सीसीटीवी लगाने की चल रही तैयारी : कोर्ट परिसर में होनेवाली प्रत्येक गतिविधि की रिकॉर्डेड जानकारी रखने के लिए परिसर में क्लोज सर्किट कैमरा टीवी लगाने की भी तैयारी चल रही है.
इसके लिए बेल्ट्रॉन कंपनी को अधिकृत किया गया है. परिसर के लगभग 16 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर पल-पल की गतिविधि रिकॉर्ड की जायेगी. कोर्ट परिसर में प्रवेश को लेकर पास सिस्टम की व्यवस्था की जा रही है. इससे परिसर में बेवजह प्रवेश करनेवालों लोगों पर रोक लग सकेगी. इसके लिए परिसर में प्रवेश करनेवाले लोगों को रजिस्ट्रेशन कराना होगा. इसी के आधार पर उनको पास जारी होगा.
सुरक्षा को लेकर सादी वरदी में तैनात हैं जवान
कोर्ट की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन द्वारा पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किये गये हैं. मुख्य द्वार पर दो सुरक्षाकर्मी हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से महिला व पुरुषों की सख्त जांच करके परिसर में प्रवेश सुनिश्चित करते हैं. न्यायालय भवन के प्रवेश द्वार पर भी डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर मशीन लगी है, यहां दो सुरक्षाकर्मी लोगों पर अपनी निगाह रखते हैं. सादे लिबास में सशस्त्र सिपाही हर आने-जानेवाले लोगों पर अपनी पैनी निगाह गड़ाये रखते हैं.
बंदियों की सुरक्षा के साथ पेशी कराने को लेकर चार महिला पुलिस सहित कुल 22 जवान तत्पर रहते हैं. कोर्ट सुरक्षा प्रभारी नरेश पासवान ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कुल 46 पुलिसकर्मी तैनात किये गये हैं. पुलिस मोरचा पर सशस्त्र पुलिस कोर्ट कार्रवाई के दौरान तैनात रहते हैं. महिला हाजत के आसपास सुरक्षाकर्मी अपनी ड्यूटी पर तैनात रहते हैं. कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सुरक्षाबल 24 घंटे चौकस रहते हैं.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन