अतिक्रमण हटाने में प्रशासन लाचार
Updated at : 04 Feb 2016 8:19 AM (IST)
विज्ञापन

नवादा (सदर) : नवादा शहर में लोगों को अतिक्रमण व जाम की समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है. पिछले आठ महीनों से अतिक्रमण के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं किये जाने का ही परिणाम है कि इसका दायरा दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है. शहर से अतिक्रमण हटाने में प्रशासन भी खुद को लाचार व […]
विज्ञापन
नवादा (सदर) : नवादा शहर में लोगों को अतिक्रमण व जाम की समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है. पिछले आठ महीनों से अतिक्रमण के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं किये जाने का ही परिणाम है कि इसका दायरा दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है.
शहर से अतिक्रमण हटाने में प्रशासन भी खुद को लाचार व बेबस मान रही है. एक-दूसरे के पाले में गेंद फेंक कर प्रशासनिक अधिकारी अतिक्रमण हटाओ अभियान में हाथ नहीं डालना चाहते हैं. अतिक्रमणकारियों की मनमानी से लोगों को मिनटों का सफर तय करने में घंटों समय लग जाता है.
नवादा शहर में अतिक्रमण की समस्या पिछले कई वर्षों से प्रशासन के लिए चुनौती बनी है. वर्ष 1998 में जिस तरह अतिक्रमणकारियों के खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गयी थी, उस तरह की कार्रवाई अब तक नहीं हो पायी है.
पिछले वर्ष एक जनवरी को तत्कालीन डीएम ललन जी द्वारा शहर के मेन रोड में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था, जो महज खानापूर्ति साबित हुआ. प्रजातंत्र चौक से दक्षिण की ओर जानेवाले मेन रोड में जैसे-जैसे अतिक्रमण हटाओ अभियान का दस्ता आगे बढ़ता है, उनका हौसला लाल चौक पहुंचते-पहुंचते पस्त हो जाता है. पिछले तीन वर्षों से खुरी नदी पुल पर बनायी गयी अस्थायी दुकानों से अक्सर जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है. प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने के दौरान ऐसे फुटपाथी दुकानों को अन्यत्र शिफ्ट करने के संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की जाती है.
परिणामस्वरूप लोगों को अतिक्रमण व जाम के दंश झेलना पड़ता है. कई जगहों से चलते हैं अवैध वाहन: प्रशासन के रोक के बाद भी कई जगहों पर अवैध वाहन स्टैंड बना दिये गये हैं, जिससे जाम की समस्या उत्पन्न होती है. खुरी नदी पुल पर वाहनों द्वारा अवैध रूप से यात्रियों को बैठाने के कारण भी जाम लगता है. इसके अलावा भगत सिंह चौक के समीप से भी अवैध रूप से वाहनों का पड़ाव होता है.
प्रशासन ने खड़े किये हाथ : शहर में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ अभियान चलाने को लेकर प्रशासन ने हाथ खड़े कर दिये हैं. डीएम मनोज कुमार ने अपने पदस्थापना के दौरान शहर को अतिक्रमणकारियों से मुक्त कराने की बात कही थी.
उन्होंने विधानसभा चुनाव के बाद अतिक्रमण हटाओ अभियान को गति देने की बात कही थी. लेकिन, चुनाव खत्म होने के बाद उन्होंने यह कह कर पल्ला झाड़ लिया कि अतिक्रमण हटाना जिला प्रशासन का नहीं, बल्कि नवादा नगर पर्षद का काम है. इस संबंध में नगर पर्षद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि शहर की सफाई करना उनकी जिम्मेवारी है. लेकिन, अतिक्रमण हटाने के लिए उनके पास कोई लिखित आदेश या सुरक्षाबल उपलब्ध नहीं कराये गये हैं.
गौरतलब है कि आठ महीने पहले सदर सीओ द्वारा लाल चौक पर अतिक्रमण हटाया जा रहा था, लेकिन अतिक्रमणकारियों के विरोध के कारण प्रशासनिक अमले को वापस हो जाना पड़ा. अतिक्रमणकारियों के हमले में होमगार्ड का एक जवान भी जख्मी हो गया था.
विधायक भी कर रहे पहल : शहर को अतिक्रमण व जाम से निजात के लिए स्थानीय विधायक राजबल्लभ प्रसाद ने पहल शुरू कर दी है. शहर से गुजरनेवाले बड़े वाहनों को बगैर शहर में प्रवेश कराये दूसरे रास्तों से गंतव्य स्थल तक भेजने के लिए शहर के तीन ओर बाइपास बनाने की बात कही है. विधायक ने कहा कि मस्तानगंज से नेहालुचक और अकौना से कादिरगंज तक बाइपास बनाने के लिए राज्य सरकार को पत्र लिखा गया है. स्थानीय नागरिकों के सहयोग से अतिक्रमण हटाने के बाद ही शहर में जाम की समस्या से निजात मिल पायेगा. पहले चरण में बरहगैनिया पइन को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा रहा है.
फुटपाथी दुकान व ठेला हैं मुख्य कारण
शहर के मेन रोड, गोला रोड, स्टेशन रोड, अस्पताल रोड, सोनार पट्टी रोड, पुरानी बाजार, सब्जी बाजार, विजय बाजार व कचहरी रोड जैसे कई रास्ते हैं, जहां आये दिन जाम की समस्या से लोगों को दो-चार होना पड़ता है. जाम से सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चे व एंबुलेंस में सवार मरीजों की होती है.
सड़क के किनारे आड़े-तिरछे दो पहिया वाहन व ठेलालगा दिये जाने के कारण जाम की समस्या उत्पन्न होती है. 20 फुट चौड़ी सड़क अतिक्रमण के कारण महज 10 फुट रह जाती है. शहर में लगने वाले जाम का मुख्य कारण फुटपाथी दुकानदारों तथा ठेलावालों द्वारा सड़कों का अतिक्रमण किया जाना है. प्रशासन की ओर से ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं किये जाने के फलस्वरूप अतिक्रमण व जाम का दायरा बढ़ता ही जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




