42 करोड़ रुपये की योजनाएं पारित

कौआकोल: कौआकोल के आरटीपीएस भवन में सोमवार को पंचायत समिति की बैठक हुई. बैठक में वित्तीय वर्ष 2015-16 के लिए 42 करोड़ 82 लाख सात हजार पांच सौ रुपये की योजनाएं पारित की गयी है. इसे सदन में सभी पंचायत समिति सदस्यों एवं पंचायत के मुखियों ने सर्वसम्मति से पारित किया. इन रुपयों से पंचायत […]
कौआकोल: कौआकोल के आरटीपीएस भवन में सोमवार को पंचायत समिति की बैठक हुई. बैठक में वित्तीय वर्ष 2015-16 के लिए 42 करोड़ 82 लाख सात हजार पांच सौ रुपये की योजनाएं पारित की गयी है. इसे सदन में सभी पंचायत समिति सदस्यों एवं पंचायत के मुखियों ने सर्वसम्मति से पारित किया.
इन रुपयों से पंचायत में नाली, ईंट सोलिंग, पीसीसी, पौधारोपण, आहर-पइन की खुदाई, चापाकल, पशु शेड, शौचालय व पुलिया का निर्माण आदि कार्यो को प्राथमिकता के आधार पर किया जायेगा. सभी पंचायत समिति सदस्य ने अपने क्षेत्रों में जनहित के आधार पर योजनाओं का कार्यान्वयन करने का भी निर्णय लिया. सदस्यों ने प्रखंड में आंगनबाड़ी केंद्रों पर बड़े पैमाने पर बच्चों को मिलनेवाला पोषाहार का विभागीय पदाधिकारियों की तालमेल से केंद्र की संचालिकाओं द्वारा डकार लिये जाने का मुद्दा उठाया.
देवनगढ़ के पंचायत समिति सदस्य यदु पासवान द्वारा प्रखंड में इंदिरा आवास योजना में रिश्वतखोरी एवं अनियमितता की जांच का मुद्दा उठाया. केवाली के पंचायत सदस्य राजीव कुमार ने सुंदरी में 13वीं वित्त की राशि से पीसीसी के लिए चयनित स्थल पर कार्य करने हेतु एग्रिमेंट के बावजूद भी समेकित कार्य योजना से नाजायज ढंग से उसी स्थान पर काम करने के लिए पूर्व की योजना का अनदेखी कर राशि निकाल कर दुरुपयोग करने का मुद्दा सदन में उठाते हुए कार्य स्थगन की मांग की.
इस पर सभी सदस्यों ने उनका समर्थन किया. नावाडीह पंचायत के मुखिया सत्येंद्र सिंह ने प्रखंड में बड़े पैमाने पर सामाजिक सुरक्षा पेंशन में बिचौलियों द्वारा लूट खसोट करने की शिकायत बीडीओ से करते हुए इस पर रोक लगाने की मांग की. उन्होंने कहा कि सैकड़ों ऐसे लोगों के नाम पर पेंशन के रुपये की निकासी कर ली जा रही है. इसका कोई अतापता भी नहीं है. पहाड़पुर मुखिया महमूद आलम ने शौचालय निर्माण में ओ-ऑर्डिनेटर पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए बीडीओ से कार्रवाई की मांग की. महुडर के पंचायत समिति सदस्य भोलानाथ साव ने योजनाओं के क्रियान्वयन में पक्षपात करने का आरोप पदाधिकारियों एवं संबंधित पंचायत के मुखिया पर लगाते हुए सामान्य भागीदारी की मांग उठायी.
प्रखंड क्षेत्र में वनों की हो रही अंधाधुंध कटाई पर चिंता व्यक्त करते हुए सदस्यों ने इस पर रोक लगाने के लिए वरीय पदाधिकारियों से शिकायत करने का प्रस्ताव लाया. बैठक में स्थानीय पीएनबी शाखा कौआकोल के प्रबंधक पर उपभोक्ताओं के साथ सही ढंग से काम नहीं करने, उपभोक्ताओं के साथ कार्यो में बैंक द्वारा कार्य करने में लेट-लतीफ का मुद्दा उठाया. शिक्षा विभाग में चरम सीमा पर व्याप्त भ्रष्टाचार पर सदस्यों ने खेद व्यक्त करते हुए बीडीओ से जांच की मांग की. सदस्यों ने प्रस्ताव में लेने के बाद पदाधिकारियों द्वारा किसी भी शिकायत का निबटारा नहीं किये जाने पर इसकी कड़ी आलोचना की.
सदस्यों ने पीएचसी में प्रसव के दौरान स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा लापरवाही बरतने एवं नाजायज राशि वसूले जाने तथा अस्पताल से बाहर की दवा लिखने पर आपत्ति जताते हुए इस तरह के धंधे पर रोक लगाने की बात उठायी तथा मरीजों को हरसंभव अस्पताल से लाभ देने की मांग प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से की. मौके पर बीडीओ डॉ प्रेम सागर मिश्र, सीआइ ओमप्रकाश भगत, पीओ रामेश्वर पाठक, सीडीपीओ श्वेता कुमारी, पीएचसी प्रभारी डॉ मो जुब्बैर, पंचायत समिति सदस्य यदु पासवान, अरविंद कुमार, राजीव कुमार, मुखिया छोटे लाल यादव, महमूद आलम, गुड़िया कुमारी, वीरेंद्र सिंह व सत्येंद्र सिंह आदि मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




