कांटी में एनएच किनारे झाड़ी में अचेत मिला किन्नर, शव समझकर मची सनसनी, 112 टीम से हुई झड़प

मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र में एनएच किनारे झाड़ी में एक व्यक्ति के अचेत अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों द्वारा शव समझने पर मची अफरातफरी के बाद पुलिस की टीम ने उसे निकाला. होश आने पर पहचान किन्नर के रूप में हुई, जिसके बाद उनकी 112 टीम से झड़प भी हुई.
Muzaffarpur News: कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर हाउसिंग बोर्ड के पास बुधवार सुबह एनएच किनारे झाड़ी में एक व्यक्ति के पड़े मिलने से सनसनी फैल गयी. टहलने निकले स्थानीय लोगों ने उसे देखकर शव होने की आशंका में शोर मचाया. सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से उसे झाड़ी से बाहर निकाला. बाहर निकालने पर वह अचेत अवस्था में मिला और उसकी पहचान किन्नर के रूप में हुई.
शव समझकर लोगों ने मचाया शोर
स्थानीय लोगों के अनुसार, बुधवार सुबह टहलने निकले लोगों की नजर एनएच किनारे झाड़ी में पड़े व्यक्ति पर पड़ी. वह कोई हरकत नहीं कर रहा था, जिसके बाद लोगों ने उसे शव समझ लिया और शोर मचाना शुरू कर दिया. आवाज सुनकर वार्ड सदस्य अखिलेश कुमार, अंकित कुमार श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए.
डायल 112 की टीम ने झाड़ी से निकाला
घटना की जानकारी मिलने पर किसी स्थानीय व्यक्ति ने डायल 112 को सूचना दी. इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से 112 की टीम ने झाड़ी में पड़े व्यक्ति को बाहर निकाला. बाहर निकालने पर वह अचेत अवस्था में मिला.
लोगों ने पानी के छींटे दिए, जिसके बाद अचेत किन्नर को होश आया. इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों को पता चला कि वह किन्नर है.
किन्नरों के पहुंचने के बाद 112 टीम से हुई झड़प
घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में किन्नर मौके पर पहुंच गए. इसी दौरान किसी बात को लेकर उनकी डायल 112 की टीम से झड़प हो गयी. आरोप है कि किन्नरों ने पुलिस टीम के साथ हाथापाई भी की.
इसके बाद होश में आए किन्नर को उसके साथी अपने साथ लेकर चले गए. इस कारण यह स्पष्ट नहीं हो सका कि वह अचेत अवस्था में झाड़ी के अंदर कैसे पहुंचा था.
किसी अप्रिय घटना की जानकारी नहीं
मामले में यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि किन्नर के साथ किसी प्रकार की अप्रिय घटना हुई थी या वह किसी अन्य कारण से अचेत होकर झाड़ी में पहुंचा था. स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा होती रही.
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक मामले में थाने पर किसी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गयी थी. पुलिस के पास लिखित सूचना नहीं होने के कारण घटना की विस्तृत जांच शुरू नहीं हो सकी है.
यह भी पढ़ें: लखनौर के दीप गांव में चर्यागीत पुस्तक का लोकार्पण, डॉ. रामानंद झा रमण ने रखे विचार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By मनोज कुमार मिश्र
मनोज कुमार मिश्र को पत्रकारिता के क्षेत्र में 14 वर्षों का समृद्ध अनुभव है. क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है. वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










