मुजफ्फरपुर: महंगाई और किसानों की समस्याओं को लेकर राजद का धरना-प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

Published by : Sarfaraz Ahmad Updated At : 09 Jun 2026 6:21 PM

विज्ञापन

प्रखंड मुख्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन के दौरान मौजूद राजद नेता और कार्यकर्ता

बोचहाँ प्रखंड मुख्यालय परिसर में राजद कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता और सिंचाई व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया तथा राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा.

विज्ञापन

मुजफ्फरपुर के बोचहाँ से चंद्रभूषण कुमार की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: बोचहाँ प्रखंड मुख्यालय परिसर में मंगलवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ताओं ने किसानों, मजदूरों और आम जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया. कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया.

धरना को संबोधित करते हुए राजद नेताओं ने बिहार सरकार पर जनहित के मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया. वक्ताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई, किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध नहीं होना, सिंचाई व्यवस्था की समस्याएं तथा बेरोजगारी जैसे मुद्दों से आम जनता परेशान है.

किसानों और मजदूरों के हित में ठोस कदम उठाने की मांग

राजद नेताओं ने सरकार से किसानों और मजदूरों के हित में प्रभावी कदम उठाने की मांग की. उन्होंने कहा कि कृषि कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.

पूर्व विधायक ने उठाए जनसरोकार के मुद्दे

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बोचहाँ के पूर्व विधायक अमर कुमार पासवान ने कहा कि किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार खाद, बीज, पानी और अन्य कृषि संसाधन समय पर उपलब्ध कराए जाने चाहिए. उन्होंने शिक्षा व्यवस्था, जन वितरण प्रणाली को सुदृढ़ करने तथा विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता पर भी बल दिया.

महंगाई नियंत्रण और रोजगार सृजन की मांग

राजद नेताओं ने महंगाई पर नियंत्रण, किसानों को आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता, रोजगार सृजन तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर संचालन के लिए सरकार से ठोस पहल करने की मांग की. कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की.

धरना-प्रदर्शन सभा की अध्यक्षता राजद प्रखंड अध्यक्ष रामाकांत सहनी ने की. मौके पर प्रखंड युवा राजद अध्यक्ष प्रशांत कुमार, नंदलाल राय, सुजीत कुमार, लाल बाबू सहनी, सरपंच रघुनाथ राय, सुधीर कुमार, रघुनाथ पासवान, बाबू साहब, लक्ष्मी राय, नंदलाल पासवान, कृष्ण कुमार सहनी, भाग्य नारायण राय, महेश राय, मनोज कुमार सहनी, सुनील सहनी, चंदन कुमार सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

विज्ञापन
Sarfaraz Ahmad

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन