मुजफ्फरपुर में आज मद्य निषेध दरोगा भर्ती परीक्षा, 28 केंद्रों पर जैमर और बायोमेट्रिक के कड़े पहरे

मुजफ्फरपुर में आज मद्य निषेध दरोगा भर्ती परीक्षा, 28 केंद्रों पर जैमर और बायोमेट्रिक के कड़े पहरे
मुजफ्फरपुर में मद्य निषेध अवर निरीक्षक (दारोगा) पदों के लिए आज परीक्षा आयोजित की जा रही है. सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के तहत, परीक्षा केंद्रों पर जैमर, बायोमेट्रिक सत्यापन और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई है. 15 हजार से अधिक अभ्यर्थी इस परीक्षा में भाग ले रहे हैं.
Muzaffarpur Daroga Exam: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की ओर से आयोजित मद्य निषेध अवर निरीक्षक (दारोगा) पदों की लिखित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. रविवार को मुजफ्फरपुर जिले के 28 परीक्षा केंद्रों पर इस परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है. कदाचार मुक्त और शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. इस परीक्षा में जिले भर से 15 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं.
हाई-टेक निगरानी में परीक्षा, जैमर और बायोमेट्रिक से होगी जांच
परीक्षा में किसी भी प्रकार की धांधली और इलेक्ट्रॉनिक जालसाजी को रोकने के लिए सभी केंद्रों को हाई-टेक निगरानी में रखा गया है. परीक्षा कक्षों में मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को पूरी तरह ब्लॉक करने के लिए आधुनिक जैमर लगाए गए हैं. इसके अलावा, प्रवेश के समय सभी अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य किया गया है. इसके तहत अभ्यर्थियों के बाएं हाथ के अंगूठे का डिजिटल निशान लिया जाएगा और उनके चेहरे का मिलान मूल आवेदन फॉर्म की फोटो से बारीकी से किया जाएगा.
सीसीटीवी और फ्रिस्किंग का कड़ा पहरा, वीडियोग्राफी भी होगी
सुरक्षा मानकों को कड़ा करते हुए चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. परीक्षा की पूरी प्रक्रिया की मुकम्मल वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई जा रही है. केंद्र के मुख्य द्वार के अंदर प्रवेश करने से पहले हर एक परीक्षार्थी की सघन तलाशी (फ्रिस्किंग) सुनिश्चित की गई है, ताकि कोई भी प्रतिबंधित सामग्री अंदर न जा सके.
सुबह 10:30 बजे बंद हो जाएंगे गेट, देरी पर नहीं मिलेगी एंट्री
यह परीक्षा एक ही पाली में सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित की जाएगी. जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों को सुबह 9:30 बजे तक अपने निर्धारित केंद्रों पर रिपोर्ट करने का सख्त निर्देश दिया है. ठीक 10:30 बजे सभी परीक्षा केंद्रों के मुख्य प्रवेश द्वार पूरी तरह से बंद कर दिए जाएंगे. इसके बाद किसी भी परिस्थिति में विलंब से आने वाले अभ्यर्थियों को अंदर जाने की अनुमति नहीं मिलेगी.
दंडाधिकारियों और उड़नदस्ता दल की तैनाती, चप्पे-चप्पे पर पुलिस
शांतिपूर्ण और सुरक्षित परीक्षा संचालन के लिए डीएम के निर्देश पर जिले में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है. सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए 28 स्टैटिक दंडाधिकारी, 14 जोनल दंडाधिकारी और छह उड़नदस्ता (फ्लाइंग स्क्वायड) दल मुस्तैद किए गए हैं, जो परीक्षा के दौरान लगातार गश्त करेंगे.
ये भी पढ़ें : रिमझिम फुहारों के बीच 'वो' की एंट्री, बीच सड़क पर प्रेमी ने जोड़े हाथ, पुलिस के डर से भीगा 'रोमांस'
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Premanshu Shekhar
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










