मुजफ्फरपुर: पटना में मेडिकल छात्र का शव संदिग्ध हालत में मिला, पिता ने जताई हत्या की आशंका
Published by : Sarfaraz Ahmad Updated At : 07 Jun 2026 11:39 PM
गुड्डू राजा की संदिग्ध मौत के बाद शोकाकुल परिजन
मुजफ्फरपुर के बंदरा निवासी मेडिकल छात्र गुड्डू राजा का शव पटना में किराये के कमरे से संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है. पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है. पढ़ें पूरी खबर...
मुजफ्फरपुर के बंदरा से सूर्यमणि कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: हत्था थाना क्षेत्र के गगराहा निवासी एवं बंदरा के संकुल समन्वयक नरेश राय के इकलौते पुत्र तथा मेडिकल छात्र गुड्डू राजा (22) की पटना में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. उसका शव किराये के मकान में बरामद होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया.
गुड्डू राजा पीएमसीएच के नेत्र विभाग का छात्र था. उसका नामांकन वर्ष 2025-27 सत्र में हुआ था और वह पटना में रहकर पढ़ाई कर रहा था.
बहन की शादी में शामिल होकर लौटा था पटना
परिजनों के अनुसार गुड्डू राजा हाल ही में अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए घर आया था. चार जून को वह वापस पटना लौट गया था. शनिवार को शाम करीब चार बजे उसके रूम ओनर का फोन आया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है और वह दरवाजा नहीं खोल रहा है.
कमरे में मिला शव
मृतक के पिता नरेश राय ने पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना में आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने आवेदन में बताया है कि जब परिवार के लोग पटना पहुंचे तो कमरे का दरवाजा खुला हुआ था. उनका आरोप है कि गुड्डू राजा का मुंह गमछे से बंधा हुआ था और उसका शव पंखे से लटका मिला.
सुसाइड नोट पर भी उठाए सवाल
आवेदन में घटनास्थल से मिले कथित सुसाइड नोट का भी उल्लेख किया गया है. सुसाइड नोट पर पांच जून की रात 9:15 बजे का समय अंकित बताया गया है. पिता का आरोप है कि घटनास्थल की परिस्थितियां संदेहास्पद हैं और ऐसा प्रतीत होता है कि उनके पुत्र की हत्या कर शव को पंखे से लटका दिया गया.
उन्होंने आशंका जताई है कि इस घटना में रूम ऑनर हीराचंद्र झा समेत अन्य लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है.
शव पहुंचते ही मचा कोहराम
रविवार शाम करीब छह बजे शव गांव पहुंचते ही परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया. मृतक के दरवाजे पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं. ग्रामीणों को विश्वास नहीं हो रहा था कि जो युवक दो दिन पहले हंसते-खेलते पढ़ाई के लिए पटना गया था, उसका शव लौटेगा.
पांच बहनों का इकलौता भाई था गुड्डू
गुड्डू राजा पांच बहनों का इकलौता भाई था. अंतिम संस्कार के दौरान पिता द्वारा मुखाग्नि दिए जाने का दृश्य देख मौजूद लोग भी भावुक हो उठे.
शिक्षक के इकलौते पुत्र के असामयिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. डीडीओ नीरज कुमार, संकुल समन्वयक ब्रजेश कुमार, शिक्षक नवीन कुमार, जितेंद्र कुमार, सकल कुमार, विपिन कुमार, उपप्रमुख उमेश राय, युवा राजद नेता मनोज राय समेत अनेक लोगों ने शोक व्यक्त किया.
जांच की मांग
परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गहन जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sarfaraz Ahmad
सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










