NEET PG देने जा रहे हैं? मुजफ्फरपुर के अभ्यर्थी ध्यान दें, मोबाइल-स्मार्टवॉच पर पूरी रोक
NEET PG स्टूडेंट की सांकेतिक फोटो (AI जेनरेटेड)
मुजफ्फरपुर में 30 अगस्त को NEET PG 2026 परीक्षा के लिए चार केंद्र बनाए गए हैं. परीक्षार्थियों को सुबह 7 बजे से प्रवेश मिलेगा. केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट, पुलिस और महिला कर्मियों की तैनाती के साथ इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह रोक रहेगी.
मुजफ्फरपुर नीट परीक्षा: जिले के चार परीक्षा केंद्रों पर 30 अगस्त को NEET PG 2026 की परीक्षा आयोजित की जाएगी. कंप्यूटर आधारित यानी सीबीटी मोड में होने वाली यह परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी. परीक्षा को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण माहौल में कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की व्यापक तैयारी कर ली है. नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज यानी एनबीइएमएस के दिशा-निर्देशों के तहत सभी केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी.
आपके शहर में
अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से पहले सुबह 7 बजे से ही केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा. एडमिट कार्ड और अन्य जरूरी जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को अंदर जाने की अनुमति मिलेगी.
आजाद इंफोटेक समेत इन 4 जगहों पर होगी परीक्षा
NEET PG 2026 के लिए मुजफ्फरपुर में चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इनमें रेवा रोड फकीरा चौक स्थित आजाद इंफोटेक, भिखनपुरा स्थित आईओएन डिजिटल जोन, कच्ची पक्की स्थित आईओएन डिजिटल जोन और कांटी स्थित आईओएन डिजिटल जोन शामिल हैं.
परीक्षा को सुचारू तरीके से संचालित करने के लिए अधिकारियों को पहले से ही सभी व्यवस्थाएं जांचने का निर्देश दिया गया है. संबंधित पदाधिकारियों को परीक्षा से दो दिन पहले केंद्रों का जायजा लेने को कहा गया है.
सुबह 7 बजे से मिलेगी एंट्री
परीक्षार्थियों को सुबह 7 बजे से परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा. प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड की गहन जांच की जाएगी. सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा हॉल में जाने की अनुमति मिलेगी.
महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए महिला वीक्षक और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी.
मोबाइल, ब्लूटूथ और स्मार्टवॉच ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित
परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्टवॉच, पेजर और सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी. परीक्षा को कदाचारमुक्त रखने के लिए केंद्रों पर अभ्यर्थियों की जांच की जाएगी.
सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. अधिकारियों को परीक्षा के दिन समय से पहले पहुंचकर अपनी जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए हैं.
रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और होटलों में भी निगरानी
परीक्षा को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई जाएगी. रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल और गेस्ट हाउसों में निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं.
वहीं, परीक्षा समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के एक साथ बाहर निकलने से शहर में जाम की स्थिति न बने, इसके लिए मुख्य सड़कों और परीक्षा केंद्रों के आसपास अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाएगी. प्रशासन का प्रयास है कि परीक्षा से लेकर परीक्षार्थियों की वापसी तक पूरी व्यवस्था सुचारू बनी रहे.
यह भी पढ़ें:
परिजनों के डर से ट्रेन के शौचालय में छिपे प्रेमी-युगल, मुजफ्फरपुर में जीआरपी ने निकाला बाहर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए