दुकान बंद कर पैदल घर जा रहे स्वर्ण व्यवसायी को रास्ते में घेरकर मारी तीन गोली, बैग लेकर भागे बदमाश
मामले की जांच करती पुलिस
हाजीपुर के तीसीऔता थाना क्षेत्र में एक स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. बदमाशों ने लूटपाट के बाद व्यवसायी का बैग छीन लिया. इस घटना से व्यापारियों में आक्रोश और भय का माहौल है.
Hajipur Crime News : हाजीपुर के तीसीऔता थाना क्षेत्र में बिंदी चौक और राम सुरेश चौक के बीच गुरुवार की रात अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात के बाद बदमाश व्यवसायी का बैग लेकर फरार हो गये. घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में आक्रोश और दहशत का माहौल है. मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र निवासी विजय साह के 32 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार सोनी के रूप में हुई है.
आपके शहर में
घर से 500 मीटर की दूरी पर गाेली मारी
बताया गया कि विशाल कुमार सोनी पिछले आठ वर्षों से राम सुरेश चौक पर कामेश्वर साह के मकान में किराये पर रह रहे थे. मकान से करीब एक किलोमीटर दूर लालबाबू राय के फूलकुमारी मार्केट में उनकी आभूषण की दुकान थी. रक्षाबंधन के कारण बाजार में ग्राहकों की भीड़ थी, इसलिए उन्होंने गुरुवार को दुकान सामान्य दिनों की तुलना में देर से बंद की. इसके बाद वह पैदल अपने किराये के मकान की ओर लौट रहे थे.
मुजफ्फरपुर के मनियारी निवासी था विशाल
घर से करीब 500 मीटर पहले सुनसान रास्ते में पहले से घात लगाये अपराधियों ने उन्हें घेर लिया. बदमाशों ने नजदीक से ताबड़तोड़ तीन गोलियां मारीं. गोली लगने से विशाल सड़क पर गिर पड़े. इसके बाद अपराधी उनका बैग लेकर मौके से फरार हो गये.
अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गयी. सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल विशाल को जंदाहा पीएचसी ले गयी. डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. बताया गया कि अत्यधिक खून बहने के कारण अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी.
डेढ़ साल पहले हुई थी शादी, एक माह का है बेटा
विशाल की हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोगों के अनुसार विशाल की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई थी और उनका एक माह का मासूम बेटा है. रक्षाबंधन के मौके पर हुई इस वारदात ने परिवार की खुशियां छीन लीं.
लूट के दौरान हत्या की आशंका, बैग की तलाश
पुलिस घटना को लूटपाट के दौरान हत्या से जोड़कर जांच कर रही है. मृतक के पास रहने वाला एक बैग नहीं मिला है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों द्वारा छापेमारी की जा रही है.
मामले की जांच जारी
तीसीऔता थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या की गयी है. पूरे मामले की जांच की जा रही है. मृतक का एक बैग नहीं मिला है, जिसे वह घर लेकर जाता था. पुलिस सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रही है.
इसे भी पढ़ें : बेटी ने ही पिता पर लगाया दुष्कर्म का आरोप, बोली-मां के मौत के बाद करता था गलत हरकत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए