मुजफ्फरपुर: मक्के के खेत में करेंट लगने से महिला की मौत, आरोपी ने बांस-बल्ला और तार को हटाया

घटनास्थल की फोटो
मुजफ्फरपुर: जिले के हत्था गांव में एक महिला का शव बरामद किया गया. महिला का शव जिस खेत से बरामद किया गया है, वह हत्था गांव के ही मो कैश और मो अजहर का है. बताया जा रहा है कि मो. अजहर के मक्के के खेत में लगाये गये बिजली के खुले तार की चपेट में आने से उसकी मौत हो गयी.
मुजफ्फरपुर , बंदराहत्था थाना क्षेत्र के हत्था गांव में शनिवार की सुबह मक्के के खेत से एक महिला का शव बरामद किया गया. इसके बाद लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा. महिला के पुत्र ने करेंट लगने से मां की मौत होने का आरोप लगाया है. घटना के बाद से एक खेत मालिक फरार है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है. लोगों ने बताया कि महिला का शव जिस खेत से बरामद किया गया है, वह हत्था गांव के ही मो कैश और मो अजहर का है. मक्के की फसल को बचाने के लिए किसान ने खेत के चारों ओर खुला तार लगाकर करेंट प्रवाहित कर दिया था. महिला के शौच जाने के दौरान खुले तार की चपेट में आने से मौत हो गयी.
खुले तार की चपेट में आने से हुई मौत
घटना के बाद हत्था थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की. शव की पहचान गांव के ही बुझावन साह की 65 वर्षीया पत्नी सुमित्रा देवी के रूप में की गयी. मृतका के पुत्र राजा साह ने बताया कि उसकी मां सुबह शौच के लिए गयी थी. काफी समय बाद भी जब वह नहीं लौटी तो खोज शुरू की. इस दौरान जानकारी मिली कि मक्के के खेत में मिला शव उसकी मां का है. मो. अजहर के मक्के के खेत में लगाये गये बिजली के खुले तार की चपेट में आने से उसकी मौत हो गयी. हालांकि घटना के बाद आरोपी खेत मालिक ने खेत से बांस-बल्ले व बिजली के तार को हटा लिया, जिसे कुछ दूर झाड़ी से बरामद किया गया.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
एफएसएल की टीम साक्ष्य जांच के लिए ले गयी
घटना के बाद एसडीपीओ मनोज कुमार सिंह और एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और छानबीन की. बताया गया कि महिला हत्था हाट में गल्ला की खरीद-बिक्री भी करती थी. महिला (मृतका) के दोनों पैर में जले का निशान भी था. थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने बताया कि हत्था गांव में मो कैश और मो अजहर के खेत में एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी. छानबीन करने के बाद सूचना वरीय पदाधिकारी व एफएसएल टीम को दी गयी. एफएसएल की टीम साक्ष्य एकत्र कर जांच के लिए ले गयी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है. मामले में फिलहाल सनहा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prashant Tiwari
प्रशांत तिवारी डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत पंजाब केसरी से करके राजस्थान पत्रिका होते हुए फिलहाल प्रभात खबर डिजिटल के बिहार टीम तक पहुंचे हैं, देश और राज्य की राजनीति में गहरी दिलचस्पी रखते हैं. साथ ही अभी पत्रकारिता की बारीकियों को सीखने में जुटे हुए हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




