Muzaffarpur News: 10 साल पहले अपहृत नाबालिग दिल्ली से बरामद, कोर्ट में बयान दर्ज कराने पहुंची हत्था पुलिस
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 21 May 2026 7:52 PM
बंदरा से 10 साल पहले अपहृत नाबालिग दिल्ली से बरामद
Muzaffarpur News:मुजफ्फरपुर के बंदरा से 10 साल पहले अपहृत सत्यव्रत कुमार को हत्था पुलिस ने दिल्ली से बरामद किया है. पटसारा गांव के 9 लोगों पर दर्ज केस में कोर्ट में युवक का बयान दर्ज कराया गया.पढे़ं पूरी खबर…
Muzaffarpur News:मुजफ्फरपुर जिले के बंदरा इलाके से करीब 10 वर्ष पूर्व अपहृत हुए एक नाबालिग लड़के को पुलिस ने दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया है. हत्था थाने की पुलिस टीम द्वारा बरामद किए गए युवक को गुरुवार को कोर्ट में 164 के तहत बयान दर्ज कराने के लिए प्रस्तुत किया गया. इस बड़ी कामयाबी से पुलिस महकमे ने राहत की सांस ली है.
पिता ने दर्ज कराया था कोर्ट में परिवाद, 9 ग्रामीण बने थे आरोपी
हत्था थानाध्यक्ष लोकेश कुमार चौधरी ने बताया कि पटसारा गांव के रहने वाले मुसाफिर सहनी ने अपने नाबालिग पुत्र सत्यव्रत कुमार के अचानक लापता होने के बाद कोर्ट में अपहरण का एक परिवाद दर्ज कराया था. इस मामले में उन्होंने गांव के ही विनोद सहनी, सलन सहनी, मुकेश सहनी, मनोज सहनी, कमलेश सहनी, रामकुमार ठाकुर उर्फ भोलू ठाकुर, विश्वनाथ सहनी, पंकज ठाकुर और योगी सहनी समेत कुल नौ लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया था.
पियर थाने में दर्ज था केस, दो आरोपी अब भी फरार
इस अपहरण कांड को लेकर तत्कालीन पियर थाना (अब हत्था ओपी) में कांड संख्या 73/16 के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी. पुलिस के अनुसार, इस मामले के नामजद आरोपियों में से विनोद सहनी और योगी सहनी पूर्व में जेल भी जा चुके हैं. वहीं, चार अभियुक्तों ने हाई कोर्ट से और एक अभियुक्त ने जिला न्यायालय से अग्रिम जमानत करा ली है. इस मामले के दो आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं और फरार चल रहे हैं.
दिल्ली में मिली लोकेशन, दारोगा के नेतृत्व में गई थी टीम
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अपहृत सत्यव्रत कुमार दिल्ली में रह रहा है. इस पुख्ता इनपुट के आधार पर दारोगा संकेत कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम को दिल्ली भेजा गया था. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को दिल्ली से बरामद कर लिया. गुरुवार को मुजफ्फरपुर कोर्ट में उसकी पेशी कराई गई, जहां कानूनी प्रक्रिया के तहत उसका बयान दर्ज कराया जा रहा है.
मुजफ्फरपुर बंदरा से सूर्यमणि कुमार की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










