मुजफ्फरपुर अग्निकांड के बाद स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो अस्पताल सील
अस्पताल सील करते अधिकारी
Muzaffarpur News: प्रसाद हॉस्पिटल अग्निकांड के बाद प्रशासन की सख्ती जारी है. दामोदरपुर और कोल्हुआ दादर के दो निजी अस्पतालों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिलने पर उन्हें सील कर दिया गया है. कार्रवाई के बाद अन्य अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया है. पढ़ें पूरी खबर…
मुजफ्फरपुर के कांटी से मनोज कुमार मिश्र की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: प्रसाद हॉस्पिटल अग्निकांड के बाद प्रशासन निजी अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क हो गया है. इसी कड़ी में मंगलवार को प्रखंड क्षेत्र के दामोदरपुर और कोल्हुआ दादर स्थित दो निजी अस्पतालों पर बड़ी कार्रवाई की गई. जांच में खामियां मिलने के बाद दोनों अस्पतालों को प्रशासन ने पूरी तरह सील कर दिया. कार्रवाई के बाद इलाके के अन्य निजी अस्पताल संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है.
एसडीएम के निरीक्षण में मिली थीं अनियमितताएं
जानकारी के अनुसार सोमवार को पश्चिमी अनुमंडल पदाधिकारी आकांक्षा आनंद के नेतृत्व में बैरिया, दामोदरपुर, चैनपुर समेत कई स्थानों पर संचालित निजी अस्पतालों की जांच की गई थी. निरीक्षण के दौरान अस्पतालों में सुरक्षा मानकों और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर कई कमियां सामने आई थीं. इसके बाद संबंधित अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश जारी किया गया.
सुरक्षा मानकों में लापरवाही पड़ी भारी
प्रशासन का कहना है कि अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. जांच के दौरान जिन अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा, भवन सुरक्षा और अन्य आवश्यक मानकों का पालन नहीं पाया गया, उनके खिलाफ सख्त कदम उठाया गया. इसी के तहत दामोदरपुर और कोल्हुआ दादर के दो निजी अस्पतालों को सील किया गया.
प्रसाद हॉस्पिटल हादसे के बाद बढ़ी सख्ती
मुजफ्फरपुर के प्रसाद हॉस्पिटल में हुए भीषण अग्निकांड के बाद पूरे जिले में निजी अस्पतालों की जांच अभियान चलाया जा रहा है. प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि सुरक्षा मानकों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. बताया जा रहा है कि कार्रवाई के डर से कई निजी अस्पताल संचालकों ने अपने अस्पतालों के बोर्ड और बैनर तक हटा दिए हैं.
स्वास्थ्य विभाग की टीम रही मौजूद
अस्पताल सील करने की कार्रवाई के दौरान प्रभारी पीएचसी प्रभारी डॉ. पीयूष राज, बीडीओ डॉ. आनंद कुमार विभूति और स्वास्थ्य प्रबंधक पुष्कर कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अनिकेत कुमार
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










