Muzaffarpur News: अंतर्राज्यीय साइबर फ्रॉड गिरोह का सदस्य गिरफ्तार , लैपटॉप और मोबाइल जब्त
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 27 May 2026 4:25 PM
साइबर फ्रॉड गिरोह का सदस्य गिरफ्तार , लैपटॉप और मोबाइल जब्त
Muzaffarpur News:मुजफ्फरपुर पुलिस ने 'ऑपरेशन साइबर प्रहार' के तहत अंतर्राज्यीय साइबर फ्रॉड नेटवर्क के सक्रिय सदस्य मो. चाँद को गिरफ्तार किया है, आरोपी के पास से लैपटॉप और मोबाइल बरामद हुए हैं, जो देशव्यापी डिजिटल ठगी में शामिल था.पढ़ें पूरी खबर...
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले की साइबर थाने की पुलिस ने अंतर्राज्यीय साइबर फ्रॉड के नेटवर्क पर कड़ा प्रहार किया है. बिहार पुलिस मुख्यालय आर्थिक अपराध इकाई पटना द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन साइबर प्रहार’ के तहत मुजफ्फरपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने विभिन्न डिजिटल माध्यमों से ठगी करने वाले गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को दबोच लिया है. गिरफ्तार आरोपी के पास से पुलिस ने साइबर अपराध में इस्तेमाल होने वाले कई हाईटेक उपकरण बरामद किए हैं.
ऑपरेशन साइबर प्रहार’ के तहत गठन की गई थी विशेष टीम
साइबर अपराध की बढ़ती घटनाओं पर रोक थाम व लगाम लगाने हेतु वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र के निर्देशन में लगातार कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में बीते 25 मई को पुलिस को अंतर्राज्यीय साइबर अपराधियों के सक्रिय होने की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी. सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए एसएसपी ने साइबर डीएसपी हिमांशु कुमार के नेतृत्व में साइबर थाना की एक विशेष टीम का गठन किया गया था.
आरोपी की निशानदेही पर हुई छापेमारी, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद
गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान और इनपुट के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सरैया थाना क्षेत्र के रहने वाले अभियुक्त मो. चाँद को हिरासत में लिया. साइबर थाना की टीम द्वारा जब मो. चाँद से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अपने पूरे नेटवर्क का खुलासा कर दिया. उसकी निशानदेही और बताए गए ठिकानों पर पुलिस ने फौरन छापेमारी की. इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 1 लैपटॉप, 6 मोबाइल फोन, 1 स्कैनर और ठगी से जुड़े कई अन्य संदिग्ध सामान बरामद किए हैं.
देशव्यापी नेटवर्क का खुलासा, अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी:
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार साइबर अपराधी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है. उसने अपने स्वीकारोक्ति बयान में विभिन्न डिजिटल माध्यमों से देश के अलग-अलग राज्यों में की जाने वाली साइबर ठगी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. इस संदर्भ में मुजफ्फरपुर साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस इस गिरोह के आपराधिक इतिहास का पता लगा रही है. साथ ही, इस अंतर्राज्यीय रैकेट में संलिप्त अन्य सह-अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.
मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










