मुजफ्फरपुर: माड़ीपुर रेलवे ओवरब्रिज से गिर रहा प्लास्टर, लोगों में डर का माहौल

Published by : Aniket Kumar Updated At : 21 May 2026 3:25 PM

विज्ञापन

माड़ीपुर में जर्जर ओवरब्रिज का हिस्सा

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर का माड़ीपुर रेलवे ओवरब्रिज जर्जर हालत में पहुंच चुका है. पुल से प्लास्टर गिर रहा है और सरिया बाहर दिखने लगा है. भारी ट्रैफिक, स्कूल बसों और पुल के नीचे रहने वाले परिवारों के बीच बड़े हादसे की आशंका बढ़ गई है. पढे़ं पूरी खबर…

विज्ञापन

मुजफ्फरपुर से माधव की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर शहर का माड़ीपुर रेलवे ओवरब्रिज इन दिनों लोगों के लिए चिंता का बड़ा कारण बनता जा रहा है. पुल की हालत लगातार खराब होती दिख रही है, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते मरम्मत नहीं हुई, तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.

पुल से गिर रहा प्लास्टर

जूरन छपरा और भगवानपुर को जोड़ने वाले इस अहम ओवरब्रिज के नीचे से सीमेंट की परतें लगातार टूटकर गिर रही हैं. कई जगहों पर पुल का प्लास्टर उखड़ चुका है और अंदर का जंग लगा सरिया साफ दिखाई दे रहा है. वहीं, पुल के बीच हिस्से में दरारें भी उभरने लगी हैं, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है.

भारी ट्रैफिक के बीच बढ़ी हादसे की आशंका

मारीपुर ओवरब्रिज शहर के सबसे व्यस्त पुलों में गिना जाता है. यहां दिन-रात वाहनों की लंबी कतार लगी रहती है. दोपहर में स्कूलों की छुट्टी के दौरान हालात और गंभीर हो जाते हैं, जब बच्चों से भरी बसें और ऑटो जाम में फंसे रहते हैं. लोगों का सवाल है कि जर्जर हो चुका पुल आखिर कब तक इतने भारी दबाव को झेल पाएगा.

पहले भी क्षतिग्रस्त हो चुका है पुल

स्थानीय लोगों ने बताया कि यह वही रेलवे ओवरब्रिज है, जो पहले मालगाड़ी गुजरने के दौरान आए झटकों से क्षतिग्रस्त हो चुका है. पुल के नीचे से मुजफ्फरपुर जंक्शन की मुख्य रेलवे लाइन गुजरती है, जहां हर समय ट्रेनों का संचालन होता रहता है.

लोगों में डर का माहौल

ओवरब्रिज के आसपास कई मकान और एक स्कूल भी मौजूद है. पुल से गिरती गिट्टियां और कमजोर ढांचे को देखकर अभिभावक, स्कूल प्रबंधन और स्थानीय लोग डरे हुए हैं. उनका कहना है कि अगर जल्द मरम्मत नहीं हुई, तो यह किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है.

पुल के नीचे रह रहे गरीब परिवारों पर भी खतरा

इस पुल के नीचे कई गरीब परिवार झोपड़ी बनाकर रहते हैं. प्लास्टिक और तिरपाल के सहारे गुजर-बसर कर रहे इन परिवारों के सिर पर हर वक्त खतरा मंडरा रहा है. लोगों का कहना है कि अगर पुल का कोई हिस्सा गिरा, तो सबसे पहले इसकी चपेट में यही परिवार आएंगे.

विज्ञापन
Aniket Kumar

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन