मुहर्रम से पहले कांटी पुलिस अलर्ट, एसडीपीओ के नेतृत्व में फ्लैग मार्च
मुहर्रम को लेकर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च करती पुलिस टीम
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के कांटी और पानापुर करियात में मोहर्रम को लेकर एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में पुलिस ने देर रात तक फ्लैग मार्च किया. माहौल बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी दी गई है. जानिए खबर विस्तार से...
मुजफ्फरपुर के कांटी से मनोज कुमार मिश्र की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: आगामी मोहर्रम पर्व के अवसर पर क्षेत्र में अमन-चैन और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. इसी क्रम में कांटी और पानापुर करियात थाना क्षेत्र में मोहर्रम के मद्देनजर दिन से लेकर देर रात तक अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) पश्चिमी सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम ने फ्लैग मार्च किया. पुलिस टीम ने दामोदरपुर दुर्गा मंदिर के पास से लेकर रेलवे गुमटी के आगे तक और चैनपुर फतेहपुर रोड के साथ-साथ हरचंदा इलाके में भी लगातार फ्लैग मार्च कर उपद्रवियों को संदेश दे दिया है.
क्षेत्र में शांति व्यवस्था रखना पहली प्राथमिकता: एसडीपीओ
इस अवसर पर एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि मोहर्रम पर्व को लेकर पूरे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी टीम के साथ सड़कों पर उतरकर फ्लैग मार्च किया गया है. उन्होंने आम जनता से अपील की है कि सभी लोग शांतिपूर्ण ढंग से एक-दूसरे के साथ मिलकर इस पर्व को मनाएं और आपसी भाईचारे के साथ खुशियां बांटें.
असामाजिक तत्वों को नसीहत
एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने क्षेत्र के असामाजिक तत्वों को शांति व्यवस्था बनाए रखने की नसीहत दी. उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान माहौल बिगाड़ने या शांति व्यवस्था में खलल डालने वाले उपद्रवियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सीधे कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इस फ्लैग मार्च के दौरान कांटी थानाध्यक्ष रविकांत पाठक, पानापुर करियात ओपी प्रभारी सुचित्रा सिंह के साथ दोनों थानों के तमाम पुलिस पदाधिकारी और भारी संख्या में सशस्त्र पुलिस बल के जवान मौजूद रहे. प्रशासन की इस सक्रियता से क्षेत्र के आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव है.
यह भी पढ़ें: कांटी के रवि कुमार ने BPSC में लहराया परचम, 7वीं रैंक लाकर रचा इतिहास, गांव में जश्न
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










