कांटी के रवि कुमार ने BPSC में लहराया परचम, 7वीं रैंक लाकर रचा इतिहास, गांव में जश्न

Updated:
विज्ञापन

BPSC में 7वीं रैंक लाकर स्टेट टैक्स असिस्टेंट कमिश्नर बने रवि कुमार का ग्रामीणों द्वारा भव्य स्वागत

BPSC Success Story: कांटी के मुस्तफापुर गांव के रवि कुमार ने BPSC परीक्षा में 7वीं रैंक हासिल कर स्टेट टैक्स असिस्टेंट कमिश्नर बनने का गौरव प्राप्त किया. उनकी सफलता पर गांव में भव्य स्वागत और उत्सव का माहौल देखने को मिला.

विज्ञापन

मुजफ्फरपुर के कांटी से मनोज कुमार मिश्र की रिपोर्ट

BPSC Success Story: मुजफ्फरपुर के कांटी प्रखंड अंतर्गत मुस्तफापुर पंचायत के मुस्तफापुर गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला जब गांव के होनहार युवक रवि कुमार ने BPSC परीक्षा में 7वीं रैंक हासिल कर स्टेट टैक्स असिस्टेंट कमिश्नर के पद पर चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया. उनकी इस सफलता से गांव में खुशी की लहर दौड़ गई और लोगों ने इसे गर्व का क्षण बताया.

कठिन परिश्रम और संघर्ष से मिली सफलता

रवि कुमार का जीवन संघर्षों से भरा रहा है. बचपन में ही माता का निधन हो जाने के बाद उनका पालन-पोषण उनके चाचा स्व. राम भरोस पासवान ने किया. आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने के बावजूद उन्होंने पढ़ाई जारी रखी और सरकारी स्कूल से शिक्षा की शुरुआत की. बचपन से ही वह मेधावी और पढ़ाई में तेज थे. आगे की पढ़ाई के लिए वे दिल्ली पहुंचे और कठिन परिस्थितियों में भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखी. अंततः उनके परिश्रम ने रंग लाया और उन्होंने BPSC में 7वीं रैंक हासिल की.

गांव में भव्य स्वागत और उत्सव का माहौल

रवि कुमार के गांव पहुंचने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई. पूर्व जिला पार्षद प्रतिनिधि दिलीप साह, भाजपा कार्यकर्ता प्रभात कुमार सुर सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया. पहाड़पुर शनि मंदिर के पास पुल के समीप सजी गाड़ी के साथ लोगों ने उनका इंतजार किया. जैसे ही रवि पहुंचे, फूल-माला और अंगवस्त्र से उनका स्वागत किया गया और पूरे गांव में जुलूस निकाला गया.

जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने दी बधाई

गांव के स्कूल, पंचायत भवन और घरों में रवि कुमार की सफलता पर बधाई देने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी. जनप्रतिनिधियों ने कहा कि रवि की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह साबित करती है कि मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है.

संघर्ष से सफलता तक प्रेरणादायक सफर

रवि कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, गुरुजनों और गांव के लोगों को दिया. उन्होंने युवाओं से कहा कि लगातार मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है. उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र में नई ऊर्जा और प्रेरणा लेकर आई है.

विज्ञापन
Purushottam Kumar

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन